भारत
ड्राइवर पति को सवारी से हुआ इश्क, राह का कांटा बनी पत्नी तो नदी में बहा दी लाश
jantaserishta.com
3 Aug 2026 3:05 PM IST

x
जानें स्टोरी.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक ऐसी वारदात हुई जिसने लोगों को झकझोर रख दिया. यहां एक ड्राइवर को अपनी सवारी से प्यार हो गया. लेकिन घर में उसकी पत्नी इस प्यार में रोड़ा बन रही थी. ऐसे में दोनों ने मिलकर खौफनाक साजिश रच डाली. उन्होंने पत्नी की हत्या कर लाश को गोमती नदी में ठिकाने लगा दिया. हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से जल्द ही कांड का खुलासा हो गया.
दरअसल, रहीमाबाद क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते पति उमेंद्र प्रताप सिंह ने अपनी प्रेमिका आरती वर्मा के साथ मिलकर पत्नी अंजली सिंह की हत्या कर दी. आरोपियों ने 30-31 जुलाई की रात अंजली का मुंह और गला दबाकर हत्या की और शव को कार से ले जाकर इटौंजा में गोमती नदी में फेंक दिया. इसके बाद आरोपी पति ने पुलिस को गुमराह करने के लिए थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. मगर कुछ ही समय में रहीमाबाद पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
मुख्य आरोपी उमेंद्र प्रताप सिंह ओला कार चलाता है, जबकि सह-आरोपी आरती वर्मा इंदिरानगर के शालीमार क्षेत्र में रहती है और कॉल सेंटर में काम करती है. करीब सात महीने पहले एक राइड बुकिंग के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और प्रेम संबंध शुरू हो गया.
लगभग एक महीने पहले मृतका अंजली को पति और आरती के अवैध संबंधों की जानकारी हुई, जिसके बाद घर में विवाद बढ़ने लगा. लगातार हो रहे विरोध से परेशान होकर उमेंद्र और आरती ने अंजली को रास्ते से हटाने की साजिश रची. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कंबल में लपेटकर गोमती नदी में बहा दिया.
आरोपी उमेंद्र ने अंजली के करीब 10 लाख रुपये कीमत के 32 जेवर घर से हटाकर प्रेमिका आरती को दे दिए. इसके बाद उसने खुद थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई, ताकि सबको लगे कि अंजली जेवर लेकर घर छोड़कर चली गई है. हालांकि 31 जुलाई को गोमती नदी से शव मिलने के बाद भाई की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज हुआ.
एसएचओ अरुण कुमार त्रिगुनायक और डीसीपी उत्तरी अमित कुमार आनंद के अनुसार, दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो सच सामने आ गया. पुलिस ने आरती की निशानदेही पर मृतका के 32 जेवर, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार बरामद कर ली है. उमेंद्र पर हरदोई में भी पुराना आपराधिक केस दर्ज है.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





