भारत

डाक्टर राजीव भारद्वाज ने ज्वालामुखी में जुटाया समर्थन

Shantanu Roy
15 May 2024 10:32 AM GMT
डाक्टर राजीव भारद्वाज ने ज्वालामुखी में जुटाया समर्थन
x
मझीण। कांगड़ा-चंबा लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी डाक्टर राजीव भारद्वाज ने मंगलवार को ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के गुमर, हिरण, दरीन, सुधांगल मझीण, महादेव और अन्य कई स्थान पर छोटी-छोटी चुनावी सभाओं का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि जनता को कांग्रेस और भाजपा गठबंधन सरकारों के दस साल के शासन की तुलना करने का समय मिला है। यह चुनाव कोई आम चुनाव नहीं है। यह देश का चुनाव है और पूरे विश्व की नजरे इस चुनाव के परिणाम पर लगी हुई हैं। भारत के विरोधी देश नहीं चाहते कि मोदी देश के प्रधानमंत्री बने परंतु देश की जनता में राष्ट्रवाद की भावना और सनातन के प्रति लगाव की लहर पूरे देश में कमल का फूल खिला रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में देश में ऐतिहासिक भ्रष्टाचार हुआ।

कई बड़े घोटाले हुए, गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं पर अत्याचार हुए जबकि भाजपा शासनकाल में विकास के कई इतिहास लिखे गए। तुलना जनता को करनी है। भाजपा शासन काल में हुए कार्यों को आज देश का हर नागरिक जानता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि मोदी सरकार की उपलब्धियां और जयराम सरकार की विकास की गाथा का हर व्यक्ति तक प्रचार और प्रसार करें। कांग्रेस शासन काल की झूठी गारंटी का पर्दाफाश करें। उन्होंने कहा कि वे कांगड़ा-चंबा की जनता की आवाज को लोकसभा में उठाकर क्षेत्र में जनता के हित में कई बड़ी योजनाएं लेकर आएंगे। पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रविंद्र रवि ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसने हिमाचल प्रदेश का विकास किया है। इस मौके पर चुनाव प्रभारी उपेंद्र धीमान, ओबीसी के पूर्व उपाध्यक्ष रामलोक धनोतिया, ज्वालामुखी भाजपा के अध्यक्ष अजय खट्टा, महामंत्री शैलेंद्र गोस्वामी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामस्वरूप शास्त्री, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सरिता धीमान और अन्य कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Next Story