भारत

10 लाख में खरीदते और 60 लाख में किडनी-लिवर बेच रहे थे, रैकेट में शामिल डॉक्टर दंपति गिरफ्तार

Nil dhankar
31 March 2026 7:59 AM IST
10 लाख में खरीदते और 60 लाख में किडनी-लिवर बेच रहे थे, रैकेट में शामिल डॉक्टर दंपति गिरफ्तार
x
पढ़े पूरी खबर

कानपुर। कानपुर वेस्ट जोन के रावतपुर के केशवपुरम स्थित आहूजा हॉस्पिटल में अवैध तरीके से किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट करने की सूचना पुलिस आयुक्त को दी गई थी। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सोमवार देर शाम तीन अस्पतालों में क्राइम ब्रांच और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमों ने छापेमारी की। आहूजा अस्पताल संचालक डॉक्टर दंपति और एक ब्रोकर को एसटीएफ ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो खेल की परतें उधड़ने लगीं। जांच में पता चला कि आहूजा हॉस्पिटल में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ है। यहां ऑपरेशन करने के बाद डोनर और रिसीवर को कल्याणपुर के प्रिया और मेडलाइफ हॉस्पिटल में भेज दिया गया।

सूत्रों की मानें तो लंबे समय से पुलिस इस रैकेट के खुलासे में लगी थी। क्राइम ब्रांच ने बिहार के समस्तीपुर निवासी आयुष नाम के डोनर और एक महिला रिसीवर को भी अपनी सुरक्षा में लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक डोनर को साढ़े तीन लाख रुपये यूपीआई से और छह लाख रुपये कैश दिए गए थे। वहीं महिला से 80 लाख रुपये तक की रकम वसूली गई थी। मूलरूप से बिहार निवासी आयुष वर्तमान में मेरठ में रह रहा था। खुद को डॉक्टर बताने वाले शुभम ने उससे किडनी ट्रांसप्लांट के लिए संपर्क किया था। हालांकि आयुष का कहना है कि रिसीवर महिला उसकी बहन है।

एसीएमओ डॉ. रमित रस्तोगी के अनुसार किडनी ट्रांसप्लांट के काले धंधे की सूचना पर पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग से सहयोग मांगा था। केशवपुरम स्थित आहूजा हॉस्पिटल, कल्याणपुर के प्रिया व मेडलाइफ हॉस्पिटल में जांच की गई है। फिलहाल अभी जांच पड़ताल की जा रही है। बाकी चीज पुलिस के स्तर से स्पष्ट की जाएगी।

Next Story