भारत

तलाकशुदा महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाकर ठगी, आरोपी दबोचा गया

jantaserishta.com
24 May 2022 5:47 PM IST
तलाकशुदा महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाकर ठगी, आरोपी दबोचा गया
x

फरीदाबाद: मेट्रीमोनियल वेबसाइट पर तलाकशुदा महिलाओं को अपने प्यार के जाल में फंसाकर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी और बलात्कार के मामले 5 साल से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

फरीदाबाद की बीपीटीपी पुलिस प्रभारी अर्जुन देव की टीम ने 5 साल से फरार चल रहे बहुत ही शातिर अपराधी को बलात्कार और करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया है.
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम आकाश है, जिसकी उम्र करीब 48 साल है. आरोपी बेहद शातिर किस्म का अपराधी है जो तलाकशुदा महिलाओं को अपने झांसे में लेकर उनके साथ बलात्कार और धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम देता है.
महिला पुलिस थाने में साल 2017 में फरीदाबाद की रहने वाली एक 45 वर्षीय महिला ने शिकायत दी थी, जिसमें उसने बताया कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ बलात्कार किया और 70 लाख रुपये के फ्लैट को बेचकर उसका पैसा हड़प गया. इतना ही नहीं एक अन्य फ्लैट पर उसने महिला के नाम पर लोन भी ले लिया था.
इसके बाद महिला ने जब उस पर शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी फरार हो गया. महिला की शिकायत के आधार पर थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई.
पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए आरोपी जगह बदल-बदल कर रहने लगा. बीपीटीपी थाना प्रभारी अर्जुन देव की अगुवाई में उसे पकड़ने के लिए एक टीम गठित की गई जिसमें सब इंस्पेक्टर संदीप, उमेद सिंह और सिपाही मोहित शामिल थे.
तकनीकी मदद से आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया गया. इस मामले में पूछताछ करने के लिए आरोपी को महिला पुलिस थाने के हवाले कर दिया, जिसके बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया. पुलिस को आरोपी की दो दिनों की रिमांड मिली है.
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पंजाब के जालंधर का रहने वाला है लेकिन उसकी पढ़ाई-लिखाई दिल्ली से हुई है. आरोपी फरीदाबाद में मुकदमा दर्ज होने से पहले दो बार शादी कर चुका था और दोनों बार उसका तलाक हो गया था.
आरोपी मेट्रीमोनियल वेबसाइट पर ऐसी महिलाओं की तलाश करता था जिनका तलाक हो चुका था, फिर उनसे संपर्क करके वह उनके नजदीक जाने की कोशिश करता था और महिलाओं को अपने प्यार के जाल में फंसाकर उनके साथ बलात्कार और धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम देता था.
इस मामले के अलावा गुरुग्राम में भी आरोपी ने एक महिला के साथ 60 लाख रुपए की धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया था जिसके बारे में गुरुग्राम पुलिस को सूचित किया जा चुका है. आरोपी से मामले में गहनता से पूछताछ की जा रही है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story