बारात में बाधा डालकर किया हंगामा फिर पथराव, एसडीएम और पुलिस अफसर घायल

यूपी। मथुरा में हाइवे थानांतर्गत नरहौली में दलित की बरात चढ़ने के दौरान बवाल हो गया। जमकर हुए पथराव में एसडीएम सदर, इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज को भी चोटें लगी। हंगामा बढ़ने पर महिलाओं के साथ दुल्हनें भी सड़क पर आ गईं। दूल्हा-दुल्हन पक्ष का कहना है कि खास जाति के लोगों ने बारात चढ़ने से रोकी गई इसलिए पथराव किया गया। घटना में दूल्हे का पिता नेमचंद और उनका भतीजा भी घायल हुआ है। इस घटना से पूरा गांव छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस ने बरातियों के बीच विवाद के बाद एक पत्थर दूसरी जाति के दुकानदार को लगने से बवाल की बात कही। पुलिस के साये में आधी रात के बाद शादी की रस्में पूरी कराई गईं।
बरसाना के भरना कला निवासी नेमचंद के दो बेटों अशोक और कुलदीप का रिश्ता नरहौली गांव के निवासी भगवान दास उर्फ बुल्ला की बेटी लक्ष्मी और पूनम से तय हुआ था। बुधवार को रात बरात आई थी। रात करीब 9:00 बजे जब बरात चढ़ रही थी, तभी पथराव हो गया। इससे मथुरा-भरतपुर रोड पर जाम लग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस पर भी पथराव किया गया। इस पथराव में हाईवे प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह और तखरसी चौकी इंचार्ज नितिन राठी को भी चोटें आई।
बवाल बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाई गई। कई थानों के फोर्स के साथ एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत, एडीएम प्रशासन, एडीएम वित्त और राजस्व, सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा, एसडीएम सदर और कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम सदर आदेश कुमार के भी पैर में पत्थर लगने से चोट लगी है। किसी तरह मामले को शांत किया गया। पुलिस के साये में आधी रात के बाद शादी की रस्में शुरू हुईं। दूल्हा पक्ष के कुछ लोगों को बस के साथ रवाना कर दिया गया, जबकि कुछ लोगों को रोका गया है, जो रस्मों के बाद दुल्हन विदा कराके ले जाएंगे।
करीब 11:30 बजे दोनों दुल्हन भी घर से निकलकर रोड पर आ गईं। उनके साथ महिलाएं भी थीं। महिला थाना प्रभारी डेजी पवार उन्हें समझने लगीं। दुल्हनों और उनके साथ की महिलाओं का कहना था कि बारात के दौरान एक ट्रैक्टर पर डीजे बज रहा था। वह ट्रैक्टर गायब है। उसे खोज कर लाया जाए। एसपी सिटी ने उन्हें आश्वस्त किया कि ट्रैक्टर मिल जाएगा आप लोग घर जाकर शादी की रस्में करें। इस दौरान हंगामा शुरू हो गया। बाद में पुलिस के समझाने पर वे शांत हुईं।





