मंत्री के खिलाफ दुष्प्रचार, सोशल मीडिया में पोस्ट कर फंसा युवक, FIR दर्ज

बता दें, यह एफआईआर क्षेत्रीय लेखपाल हरिकेश की तहरीर पर दर्ज की गई है. तहरीर के मुताबिक बीते शुक्रवार को जिले के प्रभारी मंत्री एके शर्मा भदोही दौरे पर आए थे, इस दौरान वो राजस्व अतिथि गृह पहुंचे. जहां उन्होंने आंधी तूफान के पीड़ितों से मुलाकात की और उन्हें सहायता चेक वितरित किया.
जानकारी के मुताबिक, इस दौरान मंत्री जी के साथ सिर्फ तीन वाहन थे लेकिन सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट किया गया कि उनके काफिले में 27 वाहन शामिल थे. बताया जा रहा है कि इस तरह से अज्ञात व्यक्ति द्वारा वीडियो पोस्ट कर शासन प्रशासन की छवि खराब की गई और जनमानस को भ्रमित कर विधि विरुद्ध कार्य किया गया. इस शिकायत पर ज्ञानपुर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम की धारा 66 डी और भारतीय न्याय संहिता 356(1) के तहत एफआईआर दर्ज की है.
गौरतलब है कि खुद मंत्री एके शर्मा ने भदोही दौरे के अगले दिन अपने एक्स अकाउंट पर भ्रामक वीडियो का जिक्र करते हुए बताया था कि, भदोही प्रवास के दौरान उनके साथ तीन वाहन हैं. लखनऊ में वो दो वाहनों के साथ चल रहे हैं. उन्होंने बताया कि भदोही में बाकी वाहन स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के थे.





