भारत

कचरा फेंकने पर उपजा विवाद, मारपीट से महिलाएं घायल, दो गिरफ्तार

Nilmani Pal
30 Sept 2025 8:04 AM IST
कचरा फेंकने पर उपजा विवाद, मारपीट से महिलाएं घायल, दो गिरफ्तार
x
पढ़े पूरी खबर

प्रयागराज। बहरिया थाना क्षेत्र के फजीलाबाद उर्फ कालूपुर गांव में कूड़ा फेंकने के विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई. मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति लाठी डंडे से परिवार की एक महिला और बेटियों की लाठी से पिटाई करता नजर आ रहा है. जबकि उसके पीछे कुछ महिलाएं और पुरुष दौड़ते नजर आ रहे हैं.

वीडियो में देखा जा सकता है कि व्यक्ति पूरी ताकत से लाठी से महिला व उसकी बेटियों पर हमला करता नजर आ रहा है. जिससे महिला जमीन पर गिर जाती है और उसे बचाने के लिए आगे आईं उसकी बेटियां भी पिटाई से जमीन पर गिर गईं. फिलहाल वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

एसीपी फूलपुर विवेक यादव के मुताबिक फजीलाबाद उर्फ कालूपुर गांव में दो पक्षों के बीच आबादी की जमीन पर कूड़ा डालने को लेकर विवाद हुआ था. जिसके बाद लाठी डंडे से मारपीट हुई. पीड़ित पक्ष की ओर से बहरिया थाने में तहरीर दी गई थी. इसी तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया. लेकिन अभी भी डंडे से महिलाओं की पिटाई कर रहा मुख्य अभियुक्त फरार है. पुलिस की टीमें उसकी धर- पकड़ के लिए प्रयास में जुटी हैं. पुलिस गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है. दोनों आरोपी अब अपनी गलती पर हाथ जोड़ते हुए और पुलिस से माफी मांगते नजर आ रहे हैं. दोनों अभियुक्त हाथ जोड़कर गिड़गिड़ा रहे हैं कि वह कभी भी महिलाओं पर हाथ नहीं उठाएंगे.

Next Story
null