प्रेमिका पर डिजिटल जासूसी करना प्रेमी को भारी पड़ा, लड़की ने कर ली सुसाइड

यूपी। अम्बेडकरनगर जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने आधुनिक रिश्तों में बढ़ते अविश्वास और मोबाइल की 'निजी दुनिया' में दखल के घातक परिणामों को उजागर कर दिया है। प्रेमी ने प्रेमिका का मोबाइल चेक करने के लिए दोस्तों को उसके घर भेज दिया था। प्रेमी की छोटी सी शंका और मोबाइल चेक करने की सनक ने एक 18 वर्षीय युवती को मौत को गले लगाने पर मजबूर कर दिया। बिहरा गांव में हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मचा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन युवकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है और दो आरोपियों को अपनी कस्टडी में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, मखदूम नगर निवासी संतोष कुमार वर्तमान में बिहरा गांव में अपने परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार को घर के अधिकांश सदस्य रिश्तेदारी या काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। घर में संतोष की 18 वर्षीय पुत्री सोनम अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही दो युवक, गोलू और सूरज, सोनम के घर में घुस आए। उन्होंने न केवल सोनम के साथ अभद्रता और मारपीट की, बल्कि उसका मोबाइल फोन भी जबरन छीनकर भाग गए। बदहवास सोनम किसी तरह गांव के एक लड़के की मदद से उनके घर पहुंची और अपना फोन वापस मांगकर लाई, लेकिन इस अपमान ने उसे भीतर तक तोड़ दिया था।
पुलिस जांच में जो सच्चाई सामने आई वह चौंकाने वाली है। पता चला कि सोनम का गांव के ही अर्जुन उर्फ बड़कऊ के साथ लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी भी करना चाहते थे, लेकिन हाल के दिनों में अर्जुन को सोनम पर शक होने लगा था। अर्जुन यह देखना चाहता था कि सोनम फोन पर किससे बात करती है। इसी 'डिजिटल जासूसी' को अंजाम देने के लिए अर्जुन ने खुद न जाकर अपने दो दोस्तों (गोलू और सूरज) को फोन छीनने के लिए भेजा था। प्रेमी द्वारा भेजे गए लड़कों की मारपीट और मोबाइल छिनने की घटना से सोनम इतनी आहत हुई कि उसने घर के अंदर ही फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।





