भारत

धर्मपुर को मिला नया बीडीओ ऑफिस

Shantanu Roy
10 July 2026 4:57 PM IST
धर्मपुर को मिला नया बीडीओ ऑफिस
x
धर्मपुर। विकास खंड धर्मपुर के लिए 3.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक चार मंजिला बीडीओ कार्यालय भवन का विधिवत लोकार्पण सोमवार को कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने पूजा-अर्चना के साथ किया। भवन का ऑनलाइन उद्घाटन इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नेरीकलां से किया था। भवन में प्रवेश से पूर्व धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा संपन्न कर इसे औपचारिक रूप से विकास खंड कार्यालय को समर्पित किया गया। इस अवसर पर विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि नए और पुराने पंचायत प्रतिनिधि मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करें तथा लोगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्राम सभाओं में कोरम संबंधी नियमों में संशोधन कर विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया है। अब पहली ग्राम सभा में एक-दसवां तथा दूसरी बैठक में एक-बीसवां कोरम पर्याप्त होगा, जिससे पंचायतों के लंबित कार्यों में तेजी आएगी।

उन्होंने धर्मपुर में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का भी आभार व्यक्त किया। जिला परियोजना अधिकारी रमेश शर्मा ने पंचायत प्रतिनिधियों को ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब जीपीडीपी के बजट का अनुपात 60: 40 के स्थान पर 50: 50 कर दिया गया है, जिससे पंचायतें स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार अधिक राशि खर्च कर सकेंगी। नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण जल्द आयोजित किया जाएगा तथा बीपीएल चयन की अंतिम तिथि 5 जुलाई से बढ़ाकर 13 जुलाई कर दी गई है। कार्यक्रम के बाद विधायक ने नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया और बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर का औचक दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एसीएम महेंद्र प्रताप सिंह, तहसीलदार जगपाल सिंह, जिला परियोजना अधिकारी रमेश शर्मा, बीडीओ धनीराम पंवर सहित पंचायती राज विभाग के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Next Story