भारत

जुजुराना की परवरिश करेगा विभाग, जून में अंडों से बाहर आएंगे बच्चे

Shantanu Roy
24 Feb 2025 5:38 PM IST
जुजुराना की परवरिश करेगा विभाग, जून में अंडों से बाहर आएंगे बच्चे
x
Shimla. शिमला। हिमाचल में देश के इकलौते ब्रीडिंग सेंटर में वन्य प्राणी विभाग दस जुजुराना की परवरिश करेगा। मार्च और अप्रैल माह में केंद्र में ब्रीडिंग शुरू होगी। ब्रीडिंग के बाद जून में अंडों से बच्चे बाहर आएंगे और इन्हें परवरिश देकर दिसंबर के बाद फिर से जंगल में छोड़ा जाएगा। देश भर के इकलौते ब्रीडिंग सेंटर में इस समय 48 जोड़े हैं। वन विभाग के मुखिया प्रधान मुख्य अरण्यपाल अमिताभ गौतम ने इस केंद्र का दौरा किया है और सुधार के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि 1987 में वन्य प्राणी विभाग ने सराहन में रेस्क्यू सेंटर की स्थापना की थी। 2007 में तीसरी वन्य बोर्ड की बैठक में पश्चिमी ट्रैगोपैन (जुजराना) को हिमाचल का राज्य पक्षी घोषित किया गया था। इसके बाद सेंटर जू अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने रेस्क्यू सेंटर को जुजुराना प्रजनन केंद्र में बदलने की मंजूरी दे दी थी और तब से यहां लगातार जुजुराना की प्रजाति को बचाने पर काम चल
रहा है।

खास बात यह है कि समूचे देश में जुजुराना का दूसरा कोई भी प्रजनन केंद्र नहीं है। जुजुराना की आबादी बढ़ाने और उनकी जनसंख्या को बरकरार रखने के लिए प्रजनन केंद्र में जोड़ों को रखा जा रहा है। इस दौरान एक मादा जुजुराना सीजन में दो से पांच अंडे देती है और वन्य प्राणी विभाग इनकी देखरेख कर बच्चों के पालन-पोषण के बाद उन्हें अलग-अलग जंगलों में छोड़ रहा है। इस मौके पर भारतीय वन सेवा अधिकारी उप अरण्यपाल अशोक नेगी ने जुजुराना प्रजनन केंद्र में गत वर्षों के अंतर्गत प्राप्त की गई विभिन्न सफलताओं ओर उपलब्धियों से सभी को अवगत करवाया। वन विभाग के मुखिया प्रधान मुख्य अरण्यपाल अमिताभ गौतम ने वन वृत्त शिमला में किए जा विभिन्न कार्यों की सराहना की है।
Next Story