भारत
Election battle में देहरा की बेटी, पहली बार इलेक्शन लड़ रही हैं कमलेश ठाकुर
Shantanu Roy
19 Jun 2024 3:42 PM IST

x
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश की देहरा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के भाजपा और कांग्रेस के चेहरे तय हो गए हैं। कांग्रेस ने सीएम सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर को टिकट दिया है। कमलेश ठाकुर का मुकाबला बीजेपी के होशियार सिंह से होगा। देहरा की बेटी कमलेश ठाकुर को टिकट मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। देहरा के साथ लगते जसवां परागपुर के नलसूहा में मुख्यमंत्री की पत्नी का मायका है। 2012 में लागू हुए पुनर्सीमांकन से पहले नलसूहा देहरा का ही हिस्सा था। इसके अलावा देहरा विधानसभा की बरवाड़ा पंचायत का फलवाड़ा गांव सीएम सुक्खू का पैतृक गांव भी है। सीएम सुक्खू के पूर्वज इसी गांव से नादौन शिफ्ट हुए हैं। फलवाड़ा में सीएम की पुश्तैनी जमीनें भी हैं। माना जा रहा है कि इसी वजह से कांग्रेस ने ये फैसला लिया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर चुनावी राजनीति में बिलकुल नई हैं, क्योंकि अभी तक कमलेश ठाकुर ने कोई भी चुनाव नहीं लड़ा है। यह उनका पहला चुनाव है, लेकिन वह सुखविंदर सिंह सुक्खू के मुख्यमंत्री बनने के बाद से लगातार उनके साथ कई राजनीतिक कार्यक्रम में सक्रिय नजर आती रही हैं। इससे पहले कमलेश ठाकुर के हमीरपुर लोकसभा सीट से चुनाव लडऩे की चर्चा चली थी। अपने मिलनसार स्वभाव की धनी कमलेश ठाकुर ने राजनीतक शास्त्र और इंग्लिश में एमए तक की पढ़ाई की है। देहरा उपचुनाव से सीएम की पत्नी चुनावी मैदान हंै, तो यह सीट हॉट सीट बन गई है। इसके अलावा यह पहली बार है, जब हिमाचल प्रदेश में किसी मुख्यमंत्री, मंत्री या सिटिंग विधायक की पत्नी को एक ही विधानसभा में पहुंचने के लिए टिकट दिया हो। इस लिहाज से भी प्रदेश की निगाहें देहरा चुनाव पर लगी रहेंगी। 10 जुलाई को मतदान होना है और 13 जुलाई को नतीजों की घोषणा होगी।
Next Story





