
जयपुर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आर्मी कमांडर्स कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए गुरुवार शाम करीब 6:20 पर जैसलमेर पहुंचे। रक्षा मंत्री ने शौर्य पार्क और कैक्टस पार्क का उद्घाटन किया। इन स्थलों में भारतीय सेना के इतिहास, युद्धों और वीर जवानों की गाथाएं प्रदर्शित की गई।
इसके बाद एक नया लाइट एंड साउंड शो भी शुरू किया। शुक्रवार सुबह सिंह तनोट और लोंगेवाला पहुंचे थे। वहां जवानों से मुलाकात किया और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आर्मी कमांडर्स कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए। दरअसल, 23 से 25 अक्टूबर तक आर्मी कमांडर्स कॉन्फ्रेंस जैसलमेर में हो रही है। जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सेना के अधिकारियों के साथ देश की सुरक्षा व्यवस्था और सैन्य तैयारियों को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने शौर्य पार्क के उद्घाटन के बाद राजनाथ सिंह ने कहा- अभी कुछ दिनों पहले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को ठीक-ठाक डोज दे दिया गया है। अब कुछ भी मिस एडवेंचर करने से पहले वह 100 बार सोचेगा। अगर पाकिस्तान ने दोबारा कोई मिस एडवेंचर किया, तो उसका परिणाम क्या होगा। यह पाकिस्तान को भी बहुत अच्छे से पता है।
ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है, उसे सिर्फ स्थगित किया गया है। लेकिन फिर भी मैं यह कहूंगा, कि हमें हर तरीके से, हमेशा अलर्ट रहने की आवश्यकता है। रक्षामंत्री ने कहा- बीते कुछ वर्षों में, सरकार ने बहुत ही बड़े स्तर पर, बॉर्डर एरिया में डेवलपमेंट एक्टिविटीज को शुरू किया है। अब जैसे-जैसे इस क्षेत्र में विकास होगा, वैसे वैसे आप सबके लिए चीजें और आसान होती जाएंगी।





