
यूपी। बीते कुछ दिनों से कहर बरपा रही गर्मी अब जानलेवा हो गई है। प्रचंड गर्मी से यूपी में 34 लोगों की मौत हो गई। कानपुर-वाराणसी और लखनऊ में सात-सात, प्रयागराज और हमीरपुर में तीन-तीन, उरई में दो और कानपुर देहात व कन्नौज में एक-एक की जान चली गई। इस बीच मौसम विभाग ने राहत की भी खबर दी है।
मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ समेत ज्यादातर जिलों में 15 जून के बाद बारिश का पूर्वानुमान है। साथ ही 17 तारीख से बिहार में मानसून के सक्रिय होने की भूमिका बननी शुरू हो गई है। ऐसे में मानसूनी फुहारें यूपी को भी भिगोएंगी। शुक्रवार को कुछ जिलों में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ हुई बूंदाबांदी से तपिश का सिलसिला कमजोर भी पड़ा। इस दौरान गोरखपुर और अम्बेडकरनगर में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने हीट स्ट्रोक से मौत की आशंका जताई है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मरने वाले ज्यादातर लोग पहले से ही बीमार थे। तबीयत बिगड़ने से झांसी में चलती ट्रेन में एक यात्री और बाराबंकी में रेलवे स्टेशन पर अधेड़ ने दम तोड़ दिया। लखनऊ में अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर सात लोग मृत पाए गए। आशंका है कि इनकी मौत भी गर्मी के कारण तबीयत बिगड़ने से हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रयागराज में महिला समेत तीन की मौत हो गई। वहीं, अलीगढ़ में भीषण गर्मी में गश खाकर गिरे रोडवेज के परिचालक ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को आगरा सबसे गर्म शहर रहा जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा झांसी में 44.9, बांदा में 44.6, कानपुर आईएएफ में 44.5, हमीरपुर में 44.2, उरई में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वाराणसी बीएचयू में 43.4 डिग्री तो लखनऊ में 41.9 डिग्री तापमान रहा। प्रयागराज में 43.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रयागराज में लगातार 44 डिग्री के आसपास तापमान बने रहने से लोग बेहाल हैं। यहां न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 29 फीसदी रही। न्यूतनम तापमान व आर्द्रता की वजह से दिनभर और रात में भी उमस बनी रही। शनिवार को उमस भरी गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।





