भारत

बहू ने ससुराल में iPhone और AC की डिमांड की, नया लफड़ा, एसपी से शिकायत

Nilmani Pal
28 May 2026 2:08 PM IST
बहू ने ससुराल में iPhone और AC की डिमांड की, नया लफड़ा, एसपी से शिकायत
x
पढ़े पूरी खबर

एमपी। ग्वालियर से ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक मां और बेटा बहू से परेशान होकर एसपी ऑफिस पहुंच गए और न्याय की गुहार लगाने लगे. परिवार का आरोप है कि बहू बेटे के सांवले रंग को लेकर उसका मजाक उड़ाती है, मारपीट करती है और महंगे सामान की डिमांड करती है. मांग पूरी न होने पर आत्महत्या की धमकी देने और फांसी लगाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है.

मामला ग्वालियर थाना क्षेत्र के गोशपुरा नंबर-1 का है. यहां रहने वाली अतर देवी अपने बेटे कमल किशोर के साथ एसपी ऑफिस पहुंचीं. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उनकी बहू पूरे परिवार को लगातार प्रताड़ित कर रही है. परिवार के मुताबिक, बहू अक्सर कमल किशोर को उसके रंग को लेकर ताने देती है और काला कहकर अपमानित करती है. परिवार का कहना है कि घर में आए दिन विवाद होता है और कई बार मारपीट की नौबत भी आ चुकी है.

मां-बेटे का आरोप है कि बहू लगातार iPhone, AC और दूसरे महंगे सामान की डिमांड करती है. जब परिवार इन मांगों को पूरा नहीं कर पाता, तो वह आत्महत्या की धमकी देने लगती है. परिवार ने यह भी दावा किया कि बहू दो बार फांसी लगाने की कोशिश कर चुकी है. हाल ही में उसने दुपट्टे से फंदा लगाने का प्रयास किया था. पीड़ित सास अतर देवी का कहना है कि बहू उन्हें झूठे दहेज प्रताड़ना केस में फंसाने की धमकी देती है. उन्होंने आरोप लगाया कि बहू घर का काम नहीं करती, खाना नहीं बनाती और शादी में मिला जेवर व अन्य सामान भी अपने कब्जे में रखे हुए है. सास का यह भी आरोप है कि बहू के मायके वाले उसे भड़काते हैं और कहते हैं कि परिवार को इतना परेशान करो कि तलाक हो जाए.

परिवार का कहना है कि उन्होंने बहू की कथित प्रताड़ना से जुड़े कुछ वीडियो भी पुलिस को दिए हैं. उनका आरोप है कि पहले किलागेट थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन वहां सुनवाई नहीं हुई. इसके बाद मजबूरी में एसपी ऑफिस पहुंचना पड़ा. इस मामले में CSP कृष्णपाल सिंह ने कहा कि शिकायत मिली है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की बात सुनकर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है.



Next Story