भारत

बारिश से खिल उठीं डलहौजी की वादियां, सैलानियों ने लिया आनंद

Shantanu Roy
4 April 2026 4:10 PM IST
बारिश से खिल उठीं डलहौजी की वादियां, सैलानियों ने लिया आनंद
x
Dalhousie. डलहौजी। हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी डलहौजी में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट बदली और आसमान में घने बादल छा गए। ठंडी हवाओं और रिमझिम फुहारों ने पूरे क्षेत्र को तरोताजा कर दिया। वादियों की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य इस मौसम में और भी निखर गया। दिनभर हल्की बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम बेहद सुहावना बना रहा। इस बदलते मौसम का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक डलहौजी पहुंचे। पर्यटकों ने वादियों में सैर करते हुए प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया और यादगार पल बिताए।
पर्यटकों का कहना था कि यहां का मौसम उन्हें मानसून की याद दिला रहा है। पहाड़ों की हरियाली, धुंध से ढकी वादियां और हल्की फुहारें उनके अनुभव को और भी खास बना रही हैं। स्थानीय होटल व्यवसायियों ने बताया कि मौसम में आए इस बदलाव के चलते पर्यटकों की आमद में वृद्धि हुई है। होटल मालिकों और स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि ठंडी हवाओं और हल्की बारिश के मौसम में सैलानियों की संख्या बढ़ने से उनके व्यवसाय में भी तेजी आई है। होटल बुकिंग और एडवांस रूम बुकिंग में वृद्धि हुई है। साथ ही होटल, रेस्तरां और स्थानीय दुकानों पर भी पर्यटकों की भीड़ देखी गई।
हवा में नमी और हल्की फुहारों से वातावरण सुखद और ताजगी भरा हो गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि डलहौजी में ऐसे मौसम परिवर्तन पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनते हैं। वहीं, प्रशासन ने भी पर्यटन स्थलों पर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए विशेष ध्यान दिया है। पर्यटक इस मौसम में पहाड़ों की सैर, फोटो खींचना और स्थानीय बाजारों की खरीदारी का आनंद ले रहे हैं। होटल व्यवसायियों का मानना है कि यदि मौसम ऐसे ही सुहावना बना रहता है, तो इस बार पर्यटन सीजन डलहौजी के लिए अच्छा रहेगा।
Next Story