भारत
साइबर ठगी, कुपवी के व्यक्ति के खाते से दो बार में उड़ाए छह लाख रुपये
Shantanu Roy
19 Oct 2026 6:36 PM IST

x
Shimla. शिमला। राजधानी शिमला के कुपवी क्षेत्र में एक व्यक्ति के बैंक खाते से साइबर ठगों ने दो बार में छह लाख रुपए उड़ा लिए गए। पीड़ित के मोबाइल फोन पर ओटीपी आने के बाद खाते से पहली बार चार लाख रुपए की निकासी हुई। इसके बाद पीड़ित ने बैंक कर्मचारियों से संपर्क कर खाता फ्रीज करने का आग्रह किया, लेकिन शिकायत के अनुसार इसके बावजूद खाते से दो लाख रुपए और निकाल लिए गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुपवी क्षेत्र के सनत गांव निवासी नारायण सिंह पुत्र कृपा राम ने साइबर ठगी को लेकर शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल फोन पर ओटीपी आए थे। इसके बाद उनके हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के खाते से चार लाख रुपये निकल गए। खाते से इतनी बड़ी रकम निकाले जाने का पता चलने पर उन्होंने तुरंत बैंक कर्मचारियों से संपर्क किया और खाते को फ्रीज करने का आग्रह किया, ताकि आगे किसी तरह की निकासी को रोका जा सके।
शिकायतकर्ता के अनुसार बैंक से संपर्क करने और खाता फ्रीज करने का आग्रह करने के बावजूद उनके खाते से दो लाख रुपये की अतिरिक्त निकासी हो गई। इस तरह उनके खाते से कुल छह लाख रुपए निकल गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मोबाइल पर ओटीपी किस प्रक्रिया के तहत आए और खाते से रकम निकालने के लिए किस माध्यम का इस्तेमाल किया गया। इन तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में पुलिस थाना कुपवी में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस थाना कुपवी को साइबर क्राइम पुलिस थाना शिमला से जीरो एफआईआर प्राप्त हुई थी। इसके आधार पर कुपवी थाने में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की गई। मामले की जांच पुलिस थाना कुपवी के उपनिरीक्षक एवं थाना प्रभारी अनिल कुमार कर रहे हैं। पुलिस शिकायत में बताए गए घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के दौरान बैंक खाते से हुई निकासी, ओटीपी आने और खाते को फ्रीज करने के लिए बैंक से किए गए संपर्क से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि खाते से रकम किस माध्यम से निकाली गई और इस घटना में कौन शामिल है।
Next Story





