भारत

CRPF आरक्षक फर्जी निवासी प्रमाण में पकड़ाया, गिरफ्तारी की कार्रवाई

Nilmani Pal
15 May 2026 12:16 PM IST
CRPF आरक्षक फर्जी निवासी प्रमाण में पकड़ाया, गिरफ्तारी की कार्रवाई
x
छग

बलरामपुर। जिले से फर्जी दस्तावेजों के सहारे सीआरपीएफ में नौकरी हासिल करने का बड़ा मामला सामने आया है। बलरामपुर पुलिस ने 204 कोबरा बटालियन में पदस्थ एक आरक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र बनवाकर सीआरपीएफ में नौकरी हासिल की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामला बलरामपुर थाना क्षेत्र का है, जहां तहसीलदार बलरामपुर की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया कि आरोपी सुमित पिता अचल सिंह ने विशाल सोनी के शैक्षणिक और अन्य दस्तावेजों में कूट रचना कर अपने नाम से ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र जारी कराया था।

इसी फर्जी प्रमाण पत्र का उपयोग उसने सीआरपीएफ में कांस्टेबल पद पर नियुक्ति पाने के लिए किया। पुलिस विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को 204 कोबरा बटालियन, करनपुर जगदलपुर से विधिवत बर्खास्तगी के बाद अभिरक्षा में लेकर बलरामपुर लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी हासिल करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया।

Next Story