भारत

सोलन अस्पताल की ओपीडी में उमड़ी मरीजों की भीड़

Shantanu Roy
5 Aug 2026 5:59 PM IST
सोलन अस्पताल की ओपीडी में उमड़ी मरीजों की भीड़
x
सोलन। जिला सोलन में मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर भी साफ दिखाई देने लगा है। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की सोमवार की ओपीडी में सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक मरीज पहुंचे। सुबह से ही अस्पताल के पर्ची काउंटर, मेडिसिन, ईएनटी, बाल रोग और अन्य विभागों के बाहर मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। मरीजों को पंजीकरण करवाने और चिकित्सकों से परामर्श लेने के लिए इंतजार करना पड़ा। अस्पताल में सबसे अधिक मरीज खांसी, जुकाम, बुखार, गले में संक्रमण, शरीर दर्द और वायरल संक्रमण जैसी समस्याओं से पीडि़त होकर पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से बारिश, उमस और तापमान में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग इसकी चपेट में अधिक आ रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि बारिश में भीगने, गीले कपड़ों में लंबे समय तक रहने और खानपान में लापरवाही के कारण भी संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। कई मरीजों में सामान्य सर्दी-जुकाम के साथ गले में दर्द, बुखार और कमजोरी जैसी शिकायतें भी देखने को मिलीं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डा. अजय कुमार पाठक ने लोगों से मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लगातार बदलते मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बारिश में भीगने से बचें, स्वच्छ एवं ताजा भोजन का सेवन करें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। यदि किसी व्यक्ति को लगातार बुखार, खांसी, जुकाम, सांस लेने में तकलीफ या अन्य वायरल संक्रमण के लक्षण दिखाई दें तो स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में चिकित्सकीय परामर्श लें।
Next Story