भारत

बदमाश मारा गया, एनकाउंटर में 2 पुलिस अधिकारी घायल

Nilmani Pal
13 Jun 2026 6:34 AM IST
बदमाश मारा गया, एनकाउंटर में 2 पुलिस अधिकारी घायल
x
पढ़े पूरी खबर

बिहार। राजधानी पटना में शुक्रवार की शाम पुलिसऔर अपराधियों के बीच खूनी जंग का नजारा दिखा। मसौढ़ी के मणिचक में शुक्रवार की शाम पुलिस के साथ मुठभेड़ में अपराधी मोहम्मद हैदर मारा गया। वहीं, इस दौरान अपराधियों की फायरिंग में मसौढ़ी के प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार और सब इंस्पेक्टर संजय कुमार को गोली लगी। पटना पूर्वी के एसपी परिचय कुमार ने इसकी पुष्टि की है। कार्रवाई के दौरान घायल हुए दोनों दारोगा का इलाज कराया जा रहा है।

प्राथमिक उपचार के बाद दोनों दारोगा को पटना रेफर किया गया। जानकारी के मुताबिक पुलिस को मसौढ़ी थाने के मणिचक तालाब से पश्चिम पइन के पास अपराधियों के जुटने की सूचना मिली। तैयारी करने के बाद प्रभारी थानाध्यक्ष सह अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार, सब इंस्पेक्टर संजय कुमार दलबल के साथ छापेमारी करने गए। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार के बाएं पैर में गोली लग गई। वहीं, सब इंस्पेक्टर संजय कुमार के हाथ को छूते हुए गोली निकल गई। जवाब कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मोहम्मद हैदर ढेर हो गया। वहीं, अन्य अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। उनकी तलाश की जा रही है।

इधर, दो पुलिस अधिकारियों को गोली लगने की सूचना पर कई थानों की पुलिस पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। बता दें कि मणिचक तालाब के आसपास नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। इसी बीच पुलिस को कुछ पेशेवर अपराधियों के जुटने की सूचना मिली। सत्यापन के बाद टीम बनाई गयी। मौके पर पहुंच कर पुलिस टीम ने बदमाशों को घेर लिया। फंसता देख एक बदमाश ने गोली चलाना शुरू कर दिया। राहुल कुमार को गोली लगने के बाद पुलिस ने बदमाश को पहचान लिया। बचाव और जवाबी कार्रवाई में बदमाश को मार गिराया। मारे गए मोहम्मद हैदर का आपराधिक इतिहास पुलिस खंगाल रही है। कार्रवाई के दौरान फरार हुए बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी में पुलिस जुट गई है।

Next Story