
मुठभेड़ सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में बदायूं-बिजनौर हाईवे बहेड़ी गांव स्थित प्रस्तावित जेल के पास हुई। दरअसल, 19 मई की रात इस्लामनगर कस्बे में निजाकत के घर एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने 19 लाख रुपये की नगदी व जेवरात की डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के दौरान बदमाशों ने निजाकत, उनकी बहू, भतीजे और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट भी की थी। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ शुरू की। 26 मई को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया था, जिनमें तीन गोली लगने से घायल हुए थे। बाद में दो अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ ढालू फरार चल रहा था। उस पर डीआईजी ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि इनामी बदमाश बाइक से किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में प्रस्तावित जेल के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें शेखूपुर चौकी प्रभारी नीरज और सिपाही अविनाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। एसएसपी के अनुसार, बदमाश पर बदायूं, संभल, अमरोहा और हापुड़ समेत विभिन्न जिलों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे। उसके कब्जे से ऑटोमेटिक पिस्टल, बाइक और डकैती के कुछ जेवर बरामद किए गए हैं।





