भारत

दंपति ने शादी समारोह में फायरिंग की, वीडियो सामने आने पर ढूंढ रही पुलिस

Nilmani Pal
15 March 2026 9:50 AM IST
दंपति ने शादी समारोह में फायरिंग की, वीडियो सामने आने पर ढूंढ रही पुलिस
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। जालौन में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में एक व्यक्ति को बारात के दौरान बंदूक से फायरिंग करते हुए देखा जा सकता है. यह मामला रामपुरा थाना क्षेत्र के हुसेपुरा गांव का है, जहां शादी के जश्न में नियमों का ध्यान नहीं रखा गया.

गांव में एक शादी समारोह के दौरान बारात की निकासी निकाली जा रही थी. डीजे बज रहा था. फिल्मी गाने 'नइयों-नइयों तेरे बिन दिल..' की धुन पर बाराती नाच रहे थे और माहौल पूरी तरह जश्न का था. इसी दौरान एक व्यक्ति ने बंदूक थाम ली और उत्साह में आकर आसमान की ओर लगातार फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बारात में नाचती महिलाओं के बीच एक महिला भी बंदूक से फायरिंग कर रही है, जबकि उसका पति भी फायरिंग करता नजर आ रहा है. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हर्ष फायरिंग पर सख्त प्रतिबंध है, इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं. ऐसे मामलों में जरा सी लापरवाही किसी की जान भी ले सकती है.

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई. पुलिस ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है और वीडियो के आधार पर फायरिंग करने वाले दंपति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. जालौन पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर जानकारी देते हुए कहा है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है. प्रभारी निरीक्षक को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Next Story
null