
ओडिशा। राजधानी भुवनेश्वर में नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त रत्नाकर साहू को एक सार्वजनिक शिकायत निवारण बैठक के दौरान कुछ युवकों ने कार्यालय के भीतर ही बेरहमी से पीट दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसमें कुछ युवक साहू को गालियां देते हुए थप्पड़ और मुक्के मार रहे हैं. पुलिस ने बताया कि हमले के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
घटना सोमवार को हुई जब साहू जन शिकायतों की समीक्षा कर रहे थे. तभी 5-6 युवकों का एक समूह कार्यालय में घुसा और बिना किसी उकसावे के हमला कर दिया. हमलावरों ने साहू की कमीज़ की कॉलर पकड़कर उन्हें जबरन घसीटते हुए बाहर ले जाने की कोशिश की. प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, छह युवक साहू के कक्ष में घुस आए और बिना उकसावे के हमला कर दिया, जिससे कर्मचारी और वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए. वीडियो फुटेज में हमलावरों को अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते और साहू को लात-घूंसों से मारते देखा गया. अब तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है और हमले की असली वजह भी सामने नहीं आई है.
घटना के बाद मीडिया से बात करते हुए रत्नाकर साहू ने कहा, "हमलावर मेरे लिए अजनबी हैं. मैंने किसी से कोई बदसलूकी नहीं की थी. मैंने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर दिया है और जल्द ही FIR दर्ज की जाएगी.”
साहू ने बताया, "सोमवार होने के कारण शिकायत निवारण चल रहा था. कमिश्नर की अनुपस्थिति में मैं समीक्षा कर रहा था. पार्षद जीवन बाबू और पांच-छह लोग मेरे पास आए. जीवन बाबू ने पूछा कि क्या आपने जगा भाई के साथ बदतमीजी की? मैंने कहा कि मैंने कोई बदतमीजी नहीं की. इसके बाद उन्होंने मेरे साथ मारपीट शुरू की और मुझे कार में ले जाने की कोशिश की. मुझे हमले का सटीक कारण नहीं पता. मैं अन्य हमलावरों को नहीं जानता." ओडिशा प्रशासनिक सेवा संघ ने सोमवार को कहा कि उसके सदस्य वरिष्ठ ओएएस अधिकारी पर कथित हमले के विरोध में मंगलवार से ‘सामूहिक अवकाश’ पर जाएंगे, इस संबंध में निर्णय यहां संघ के अध्यक्ष ज्योति रंजन मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया.





