भारत

पति से बात फिर मौत की खबर, पत्नी ने भी की सुसाइड की कोशिश

Nil dhankar
5 Aug 2026 7:36 AM IST
पति से बात फिर मौत की खबर, पत्नी ने भी की सुसाइड की कोशिश
x
पढ़े पूरी खबर

बेंगलुरु/यूपी। यूपी के हमीरपुर का एक युवक बेंगलुरु में रोजगार के सिलसिले में रहता था. उसकी पत्नी हमीरपुर में थी. परिजनों का कहना है कि किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया. इसी के बाद युवक ने पत्नी को वीडियो भेजा, फिर फांसी लगा ली. वीडियो देखने के बाद पत्नी ने टॉयलेट क्लीनर पी लिया. अब वह कानपुर में भर्ती है.

मामला हमीरपुर जिले के राठ कस्बे के फरसौलियाना मोहल्ले का है. रोहित नाम का युवक रोजगार के सिलसिले में बेंगलुरु में रहता था. उसकी पत्नी हमीरपुर में थी, वह प्रेग्नेंट है. परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच फोन पर बातचीत हुई थी. इस दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ. विवाद की वजह पति के कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ी बताई जा रही है. हालांकि पुलिस अभी इस पहलू की भी जांच कर रही है. इसी बीच बेंगलुरु से रोहित की मौत की खबर आई. आरोप है कि घटना से पहले उसने अपनी पत्नी को एक वीडियो भी भेजा था. इसके बाद उसने फांसी लगा ली. इस वीडियो और पति की मौत की खबर मिलने के बाद पत्नी गहरे सदमे में चली गई. उसने टॉयलेट क्लीनर पी लिया. उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया.

डॉक्टरों ने शुरुआती इलाज के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया. फिलहाल उसका इलाज जारी है. वह प्रेग्नेंट है, डॉक्टर उसकी और गर्भस्थ शिशु दोनों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है. इस घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. पति-पत्नी के बीच विवाद आखिर किस वजह से बढ़ा? घटना से पहले क्या-क्या हुआ? और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं? इन सभी पहलुओं की जांच पुलिस कर रही है. इस मामले को लेकर थाना इंचार्ज अनूप सिंह का कहना है कि घटना के बारे में सूचना मिली है, लेकिन अभी तक कोई प्रार्थना पत्र नहीं मिला है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है.

Next Story