भारत

कालेज भवन में हेली टैक्सी सेवा का काउंटर लगाने पर विवाद

Shantanu Roy
8 Aug 2025 4:33 PM IST
कालेज भवन में हेली टैक्सी सेवा का काउंटर लगाने पर विवाद
x
Bharmour. भरमौर। उपमंडल मुख्यालय भरमौर स्थित डिग्री कालेज भरमौर के भवन में मणिमहेश यात्रा की हेली टैक्सी सेवा प्रदान कर रही कंपनियों के काउंटर स्थापित करने पर विवाद हो गया है। कालेज के विद्यार्थियों ने प्रशासन के इस फैसले का विरोध किया है और गरुवार को सडक पर उतर कर विरोध प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने साफ किया है कि कालेज भवन के भीतर इस तरह के काउंटर स्वीकार्य नहीं होगा। बहरहाल विद्यार्थियों ने एडीएम भरमौर के समक्ष भी अपनी बात रखी है और इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग भी की है। जानकारी के अनुसार मणिमहेश यात्रा में हेली टैक्सी सेवा प्रदान करने वाली कंपनियों को प्रशासन की ओर से डिग्री कालेज भरमौर का भवन के कमरे काउंटर के लिए अलाट किए है।

इसके चलते गुरूवार को हेली टैक्सी सेवा प्रदान करने वाली कंपनियों ने कालेज कैंपस में काउंटर स्थापित करने की कवायद आरंभ कर दी। इसके चलते कालेज के विद्यार्थियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और भीतर लगाए बैनर को भी उखाड डाला। कालेज के छात्र-छात्राओं का कहना था कि कालेज भवन का व्यवसासिक इस्तेमाल किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। हांलाकि प्रशासन ने विद्यार्थियों के समक्ष दलील दी कि एविएशन कंपनियों की तरफ से इसका इस्तेमाल करने की एवज में किराए की अदायगी भी की जा रही है। बावजूद इसके कालेज के विद्यार्थी इस बात को भी मानने के लिए तैयार नहीं थे। उधर, कालेज भवन का व्यवसायिक इस्तेमाल करने के विरोध में स्थानीय बाजार में एक रैली भी निकाली और नारेबाजी भी की। बहरहाल कालेज के विद्यार्थियों ने प्रशासन के समक्ष मांग की है कि एविएशन कंपनियों को काउंटर हेतु अन्य जगह व्यवस्था की जाए।
Next Story