भारत

हिमाचल में परिवार बढ़ाएगी कांग्रेस, संगठन विस्तार अभियान छेड़ेगी पार्टी

Shantanu Roy
2 July 2026 4:03 PM IST
हिमाचल में परिवार बढ़ाएगी कांग्रेस, संगठन विस्तार अभियान छेड़ेगी पार्टी
x
Shimla. शिमला। प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। पहली कड़ी में प्रदेश कांग्रेस कमेटी राज्य भर में संगठन विस्तार अभियान चलाएगी। दो चरणों में यह अभियान चलेगा। पहले चरण में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल किया जाएगा, जबकि दूसरा चरण मेंबरशिप ड्राइव का रहेगा। कांग्रेस का दावा है कि इस विशेष अभियान के दौरान अकेले भाजपा के ही आठ से 10 हजार कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी है। विनोद जिंटा ने कहा कि कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान का दौर चला हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर से बहुत से लोगों ने कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का आग्रह किया है, जिसमें भाजपा के साथ-साथ अन्य राजनीतिक दलों से संबंधित लोग भी हैं। उन्होंने कहा कि इसी के चलते प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन विस्तार अभियान विशेष कार्यक्रम लांच किया है। इसके पहले चरण की शुरुआत गुरुवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय से होगी। शुभारंभ पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार समेत सरकार के कुछ मंत्री भी
मौजूद रहेंगे।

विनोद जिंटा ने कहा कि प्रदेश कार्यालय से पहले चरण की शुरुआत होने के बाद यह अभियान जिला और ब्लॉक स्तर पर चलाया जाएगा, जिसकी समयावधि 30 जुलाई तक रहेगी। जिसके बाद कांग्रेस के इस विशेष अभियान का दूसरा चरण शुरू किया जाएगा। इस दौरान चलने वाली मेंबरशिप ड्राइव के तहत पार्टी के साथ नए कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाएगा। इसके लिए प्रदेश के सभी पोलिंग बूथ, पंचायतों, विधानसभा क्षेत्रों और जिलों में इस अभियान को सुचारू रूप से चलाया जाएगा। विनोद जिंटा ने दावा किया कि एक माह के भीतर आठ से दस हजार कार्यकर्ता भाजपा से कांग्रेस में शामिल होंगे और यह संख्या बढ़ भी सकती है। उन्होंने दोहराया कि जिस तरह से लोगों ने कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा जताई है, उसी के चलते इस अभियान को लांच किया जा रहा है। विनोद जिंटा ने कहा कि प्रधानमंत्री की कार्यप्रणाली से नाखुश होकर भाजपा के लोग कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। संगठन महासचिव ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जिस तरीके से देश के लोगों की लड़ाई लड़ रहे हंै, उसी को देखते हुए इन्होंने अपनी आस्था कांग्रेस में जताई है। संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने राम मंदिर चंदे में धांधली के मामले में भाजपा पर खूब निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई के हजारों-करोड़ों रुपए चंदे में दिए थे, उसमें घोटाला हो गया है।
Next Story