कांग्रेस सांसद का बीपी अनशन स्थल पर हाई हुआ, हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया

तमिलनाडु। तमिलनाडु के लिए समग्र शिक्षा अभियान (SSA) के तहत लंबित फंड जारी कराने की मांग को लेकर अनशन पर बैठे कांग्रेस सांसद शशिकांत सेंथिल की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें तिरुवल्लुर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें हाई ब्लड प्रेशर के चलते निगरानी में रखा है.
सेंथिल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मुझे हाई ब्लड प्रेशर की वजह से अस्पताल में भर्ती किया गया है. मैं उचित चिकित्सा देखरेख में हूं और स्थिर हूं. लेकिन मेरी मांग स्पष्ट है कि तमिलनाडु का अधिकारिक SSA फंड तुरंत जारी होना चाहिए.”
कांग्रेस सांसद का आरोप है कि केंद्र सरकार ने करीब 2,000 करोड़ रुपये की राशि रोक रखी है, क्योंकि तमिलनाडु सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) को लागू करने के लिए तैयार नहीं है. इसके विरोध में वह दो दिन से अनशन पर बैठे थे और तीसरे दिन उनकी तबीयत बिगड़ गई. राज्य के शिक्षा मंत्री अनबिल महेश पोय्यमोजी और मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने भी इस मुद्दे पर केंद्र की कड़ी आलोचना की है. उनका कहना है कि केंद्र शिक्षा को राजनीति का हथियार बना रहा है और तमिलनाडु को उसकी नीति विरोध के कारण दंडित किया जा रहा है.





