एक्ट्रेस को कांग्रेस विधायक ने किया अश्लील मैसेज, होटल में बुलाया

केरल। मलयालम अभिनेत्री रिनी एन जॉर्ज ने एक बड़ी पार्टी के राजनेता पर अश्लील मैसेज करने के आरोप लगाए हैं। साथ ही उन्होंने कहा है कि इस संबंध में पार्टी नेताओं से शिकायत की गई थी, लेकिन इसका कोई खास असर नहीं हुआ। जॉर्ज ने पार्टी या नेता का नाम सार्वजनिक रूप से नहीं बताया है। भारतीय जनता पार्टी के आरोप हैं कि अभिनेत्री जिस युवा नेता पर आरोप लगा रही हैं, वह कांग्रेस विधायक है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार को जॉर्ज ने एक युवा नेता पर कई बार गंदे मैसेज भेजने के आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि नेता की तरफ से उन्हें होटल में बुलाया गया था। जब उन्होंने इस संबंध में शिकायत करने की धमकी दी थी, तब भी नेता पर इसका कोई असर नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया है कि युवा नेता के साथ कई नेताओं की पत्नियों और बेटियों का भी ऐसा ही अनुभव रहा है।
अभिनेत्री ने कहा, 'मैं पूछना चाहती हूं कि ये राजनेता किन महिलाओं की रक्षा करेंगे, जब ये अपने ही परिवार की सुरक्षा नहीं कर पा रहे हैं।' उन्होंने आरोप लगाए हैं कि शिकायत के बाद भी युवा नेता को पार्टी मौके देती रही। उन्होंने कहा, 'जब मैंने सोशल मीडिया पर देखा कि कई महिलाएं भी ऐसी ही हरकतों का सामना कर रही हैं, तो मैंने भी बोलने का फैसला किया। इनमें से एक भी महिला बोलने को तैयार नहीं है। तो मैंने सोचा कि सभी के लिए मैं बोलती हूं।'





