DMF फंड से कांग्रेस नेता ने बाल्को को फायदा पहुंचाया, PM मोदी से शिकायत

कोरबा। पूर्व मंत्री ननकीराम ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है. अबकी बार उन्होंने बाल्को को फायदा पहुंचाने के लिए डीएमएफ फंड का इस्तेमाल किए जाने की शिकायत की है. इसके साथ उन्होंने अपने विधायकी कार्यकाल के साथ कांग्रेस के पूर्व विधायक जयसिंह अग्रवाल के कार्यकाल हवाला देते हुए सड़क निर्माण की स्वीकृति को निरस्त कर बाल्को से राशि आबंटित कराकर सड़क निर्माण कराने की मांग की है.
पूर्व मंत्री ननरीराम कंवर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ केंद्रीय कोयला एवं खनन मंत्री जी. किशन रेड्डी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और संचालक खनिज संसाधन विभाग छत्तीसगढ़ शासन को पत्र लिखा है, जिसमें दर्री डेम से बाल्को परसाभाटा तक सड़क निर्माण की स्वीकृति को लेकर शिकायत की है. उनका आरोप है कि यह स्वीकृति बाल्को कंपनी को फायदा पहुंचाने और भ्रष्टाचार करने की नियत से जिला खनिज न्यास मद कोरबा से की गई है.
ननकीराम कंवर का आरोप है कि दर्री डेम से बालको परसाभाटा तक सड़क निर्माण की स्वीकृति जिला खनिज न्यास मद से करना बाल्को कंपनी को व्यक्तिगत फायदा पहुंचाना है. उन्होंने मांग की है कि इस सड़क निर्माण की स्वीकृति को निरस्त कर बाल्को कंपनी से आबंटन राशि प्राप्त कर निर्माण कार्य स्वीकृत किया जाए.





