भारत

लंबागांव पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस का वर्चस्व

Shantanu Roy
17 Jun 2026 5:12 PM IST
लंबागांव पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस का वर्चस्व
x
Jaisinghpur. जयसिंहपुर। विकास खंड लंबागांव की पंचायत समिति के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के चुनाव प्रशासनिक गरिमा और भारी सियासी गहमागहमी के बीच संपन्न हो गए। एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर की अध्यक्षता में एसडीएम कार्यालय में आयोजित इस चुनाव प्रक्रिया में कांग्रेस समर्थित अप्पर ठेहडू वार्ड की सदस्य मीना देवी को लंबागांव पंचायत समिति का नया अध्यक्ष चुन लिया गया है, जबकि उपाध्यक्ष पद पर हेमराज शर्मा निर्विरोध
निर्वाचित हुए हैं। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद प्रदेश सरकार में आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा स्वयं एसडीएम कार्यालय पहुंचे और नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को हार पहनाकर बधाई दी व उनका मुंह मीठा करवाया। इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री व नए चुने गए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष अन्य पंचायत समिति सदस्यों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय से लेकर जयसिंहपुर बाजार तक विजय जुलूस भी निकाला।

एसडीएम जयसिंहपुर कार्यालय में आयोजित इस वैठक में उपाध्यक्ष पद पर हेमराज शर्मा के निर्विरोध चुने जाने के उपरांत असली घमासान अध्यक्ष पद के लिए देखने को मिला। कांग्रेस समर्थित खेमे की ओर से अपर ठेहडू वार्ड की सदस्य मीना देवी को मैदान में उतारा गया, जबकि भाजपा समर्थित खेमे ने मझेड़ा वार्ड की सदस्य रूमा देवी पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रत्याशी बनाया। इसके बाद हुई वोटिंग में मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा, जिसमें कांग्रेस की मीना देवी ने 11 मत हासिल कर शानदार जीत दर्ज की, जबकि भाजपा की प्रत्याशी रूमा देवी को केवल आठ मतों से ही संतोष करना पड़ा। दावों की जंग में फेल हुई भाजपा, कांग्रेस ने साबित अपना वर्चस्व किया । चुनाव संपन्न होने के उपरांत कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा का स्वयं एसडीएम कार्यालय पहुंचना कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह बढ़ाने वाला साबित हुआ। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि यह जीत विकास की नीतियों और संगठन की एकजुटता की जीत है व विकासखंड लंबागांव क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
Next Story