भारत

चंदासी में हादसे के बाद घायल युवक को छोड़ गया साथी, सुबह मिला शव

Shantanu Roy
27 Sept 2026 9:28 PM IST
चंदासी में हादसे के बाद घायल युवक को छोड़ गया साथी, सुबह मिला शव
x
बड़ी खबर
Chandauli/PDDU Nagar. चंदौली/पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चंदासी में रविवार सुबह सड़क किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। चंदासी स्थित पेट्रोल पंप के पास क्षतिग्रस्त ऑटो के समीप शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान शहाबगंज थाना क्षेत्र के पालपुर गांव निवासी 44 वर्षीय मनोज शर्मा पुत्र मार्कंडेय के रूप में हुई है। मनोज चंदासी में नाई का काम करता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शनिवार रात मनोज अपने साथी मनी के साथ था। दोनों के ऑटो से जाने के दौरान चंदासी के पास दुर्घटना हो गई। हादसे में मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया।


आरोप है कि दुर्घटना के बाद उसका साथी घायल मनोज को मौके पर ही छोड़कर चला गया। समय पर उपचार नहीं मिलने से उसकी मौत हो गई। सुबह पेट्रोल पंप के पास शव मिलने की जानकारी होते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ऑटो को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों, युवक को मौके पर छोड़ने और उसकी मौत के कारणों की जांच कर रही है। साथी मनी की भूमिका को लेकर भी पूछताछ और तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस सड़क हादसे समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Next Story