छत्तीसगढ़
25 करोड़ की फिरौती मामलें में शोएब ढेबर गिरफ्तार, DCP क्राइम ने किया खुलासा
Shantanu Roy
27 Sept 2026 6:30 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में 25 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने आरोपी शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने विदेशी मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजकर रंगदारी की मांग की थी। रकम नहीं देने पर पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद कोर्ट ने शोएब ढेबर को कोर्ट ने जमानत दे दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 14 सितंबर 2026 को उनके मोबाइल फोन पर विदेशी नंबर से व्हाट्सएप के माध्यम से धमकी भरे संदेश प्राप्त हुए थे। संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताया और 25 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। आरोप है कि आरोपी ने रकम नहीं देने पर आनंदमल कुकरेजा, उनके बेटे अजीत और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही रायपुर और तेलीबांधा क्षेत्र में हत्या करवाने की बात कहकर भय का माहौल बनाने का प्रयास किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले की जांच के दौरान पीड़ित से विस्तृत जानकारी ली। पुलिस ने धमकी भरे व्हाट्सएप संदेश, विदेशी मोबाइल नंबर, भेजे गए वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जुटाया।
जांच टीम ने पीड़ित के मोबाइल पर आए विदेशी नंबर सहित उससे जुड़े अन्य नंबरों और तकनीकी जानकारियों का बारीकी से विश्लेषण किया। डिजिटल इनपुट, मोबाइल नंबरों की कड़ियों और संपर्कों की जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पुलिस के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड स्तर पर की गई जांच के बाद आरोपी की पहचान शोएब ढेबर निवासी खम्हारडीह रायपुर के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ा और पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान पुलिस का दावा है कि आरोपी शोएब ढेबर ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी शोएब ढेबर पिता अनवर ढेबर, उम्र 26 वर्ष, निवासी पॉम बेलाजियो फ्लैट नंबर 803 बी, थाना खम्हारडीह रायपुर का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 403/26 दर्ज किया है।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4), 351(3), 351(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि धमकी देने की साजिश में अन्य कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं। पुलिस का कहना है कि डिजिटल माध्यम से धमकी, रंगदारी और भय फैलाने वाले मामलों में तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। इस कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story





