आज दोबारा संसद मार्च की तैयारी में कॉकरोच जनता पार्टी, दिल्ली में हाई अलर्ट

दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर से संसद तक निकाला गया मार्च दिल्ली में पिछले कुछ सालों के सबसे हिंसक टकरावों में से एक में बदल गया. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोमवार देर रात कहा कि संसद तक मार्च मंगलवार को भी जारी रहेगा.
दिपके ने बताया की मंगलवार को भी प्रदर्शन जारी रहेगा. सोमवार को दिल्ली पुलिस के जवानों की ओर से पहले बनाया गया मंच कथित तौर पर हटा दिए जाने के बाद CJP के प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर लौट आए हैं. वहीं, जब दिपके से संसद तक मार्च जारी रखने को लेकर सवाल पूछा गया, तो जवाब देते हुए उन्होंने कहा, 'हम फिर से मार्च करेंगे. हम प्रदर्शन स्थल को नहीं छोड़ेंगे.'
CJP का कहना है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा. अगले मार्च को लेकर अभी बैठक चल रही है. पार्टी जल्द ही आगे की कार्रवाई के बारे में आधिकारिक बयान जारी करेगी.
बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'संसद चलो' मार्च के दौरान भीषण हिंसा हुई. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों के हिंसक और आक्रामक रवैये के कारण कई वरिष्ठ अधिकारियों और महिला कर्मियों समेत 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए. इस झड़प में करीब 60 प्रदर्शनकारी भी घायल हुए हैं. उपद्रवियों ने पथराव करने के साथ 15 से 20 सरकारी गाड़ियों और सार्वजनिक संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया. पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए लगभग 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है. उपद्रव, पुलिस पर हमले और तोड़फोड़ के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.





