
x
मां और मासूम की दम घुटने से मौत
Ranchi रांची। झारखंड की राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में कोयले के चूल्हे से निकली जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। बंद कमरे में दम घुटने से एक महिला और उसके ढाई वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि महिला की बेटी और ननद की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, चटकपुर इलाके में किराये के मकान में रहने वाली पिंकी देवी शुक्रवार रात अपने दो बच्चों और ननद के साथ घर पर थीं। उन्होंने कोयले के चूल्हे पर खाना बनाया। भोजन के बाद जल्दबाजी में जलता हुआ चूल्हा कमरे से बाहर निकालना भूल गईं और परिवार के सभी सदस्य दरवाजा बंद कर सो गए।
शनिवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। स्थानीय लोगों ने किसी तरह दरवाजा खोला तो चारों लोग कमरे में बेहोशी की हालत में मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पिंकी देवी और उनके करीब ढाई साल के बेटे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, करीब साढ़े तीन साल की बेटी और ननद की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कमरे से कोयले का चूल्हा मिला है। पुलिस का मानना है कि कमरे में पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं होने के कारण कोयले से निकली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस भर गई, जिससे सभी लोग बेहोश हो गए और दम घुटने से यह हादसा हुआ।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। विशेषज्ञों का कहना है कि बंद कमरे में कोयले का चूल्हा या अंगीठी जलाकर सोना बेहद खतरनाक हो सकता है। पर्याप्त वेंटिलेशन के बिना ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है।
Tagsरांची न्यूजरातू थानाकार्बन मोनोऑक्साइडकोयले का चूल्हादम घुटने से मौतपिंकी देवीचटकपुरझारखंड समाचारजहरीली गैसबंद कमरामां-बेटे की मौतरिम्सपुलिस जांचघरेलू हादसावेंटिलेशनRanchi NewsRatu Police StationCarbon MonoxideCoal StoveDeath Due to SuffocationPinky DeviChatakpurJharkhand NewsToxic GasClosed RoomMother-Son DeathRIMSPolice InvestigationDomestic AccidentVentilation
Next Story





