
यूपी। राम मंदिर में चढ़ावा में चोरी की जांच के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या के दौरे पर आ रहे हैं। शुक्रवार को सीएम योगी राम नगरी को दो बड़ी सौगातें देंगे। अयोध्या नगर निगम के तत्वाधान में बहुप्रतीक्षित रामायण वैक्स म्यूजियम और नवनिर्मित जोनल कार्यालय का लोकार्पण कर इन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वैक्स म्यूजियम परिसर में आयोजित समारोह को भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा कई परियोजनाओं की भी सौगात देंगे। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
सीएम योगी के कार्यक्रम को देखते हुए बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने समारोह से जुड़े सभी स्थलों का निरीक्षण किया। महापौर ने राम कथा पार्क के निकट स्थित हेलीपैड स्थल का जायजा लिया और घास की सफाई व खुले केबल को अंडरग्राउंड करने के निर्देश दिए। महापौर ने बताया कि लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित वैक्स म्यूजियम अयोध्या आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं का नया आकर्षण बनेगा। म्यूजियम में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान जी, ऋषि वशिष्ठ, रावण, मेघनाथ और जटायु समेत रामायण के प्रमुख 25 से अधिक पात्रों की जीवंत मोम प्रतिमाएं लगाई गई हैं।
लोकार्पण के बाद म्यूजियम पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। टिकट और समय-सारिणी की घोषणा 19 जून को उद्घाटन के बाद की जाएगी। यहीं से मुख्यमंत्री मोहबरा बाजार में 10.19 करोड़ रुपये की लागत से बने नगर निगम के नए जोनल कार्यालय का भी लोकार्पण करेंगे। इस कार्यालय में अयोध्या धाम क्षेत्र के नागरिकों को नगर निगम से जुड़ी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि इसके बाद अधिकारियों ने ऋषिदेव जैन मंदिर और मनीरामदास की छावनी का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। महापौर ने दोनों भवनों को विशेष रूप से सजाने-संवारने के निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त ने कार्यक्रम स्थलों पर पेयजल, सफाई, चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव, एंटी लार्वा दवा के छिड़काव और फॉगिंग के व्यापक इंतजाम करने को कहा।





