भारत

कुशीनगर में बाढ़ प्रभावितों से मिले CM योगी

SHIDDHANT
29 Sept 2026 7:32 PM IST
कुशीनगर में बाढ़ प्रभावितों से मिले CM योगी
x
कुशीनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। बाढ़ के कारण जनहानि होने पर मृतक के परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों वाले परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा क्षेत्र तमकुहीराज में नारायणी नदी का जलस्तर बढ़ने से पैदा हुई बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद बेदूपार इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और कुछ परिवारों को अपने हाथों से राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने अधिकारियों से राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली तथा जनप्रतिनिधियों से प्रशासन के साथ मिलकर पीड़ितों की मदद करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लगातार चार दिनों तक हुई भारी बारिश से प्रदेश के साथ कई अन्य क्षेत्रों में भी हालात प्रभावित हुए। नेपाल में भी भारी बारिश के बाद बड़ी मात्रा में पानी नीचे की ओर आया। सामान्य दिनों में नारायणी नदी से तीन से चार लाख क्यूसेक पानी प्रवाहित होता था, लेकिन पिछले दिनों यह बढ़कर साढ़े पांच लाख क्यूसेक तक पहुंच गया। पानी का दबाव बढ़ने से तटबंध क्षतिग्रस्त हुआ और कई घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया। राहत और बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की दो-दो टीमें तथा पीएसी की चार यूनिट तैनात की गई हैं। जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीमें भी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए पांच हजार खाद्य सामग्री पैकेट की व्यवस्था की गई है। इनमें 10 किलो चावल, 10 किलो आटा, 10 किलो आलू, दो किलो दाल के साथ चना, तेल, मसाले, नमक और अन्य जरूरी सामग्री शामिल है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित लोगों को जरूरत के अनुसार तत्काल राहत शिविरों में पहुंचाया जाए और शिविरों में रोशनी सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने फसल नुकसान का सर्वे जल्द पूरा कर प्रभावित किसानों को 10 दिनों के भीतर मुआवजा देने के निर्देश भी दिए।
योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों और तटबंधों की मरम्मत कराने को कहा। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में सांप या जंगली जानवर के काटने की स्थिति में जरूरी वैक्सीन और उपचार की पर्याप्त व्यवस्था रखने को भी कहा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार, प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं और किसी भी पीड़ित परिवार को मदद से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
Next Story