भारत

यूपी पुलिस में 470 खिलाड़ियों को CM योगी ने सौंपे नियुक्ति पत्र

SHIDDHANT
8 Oct 2026 8:59 PM IST
यूपी पुलिस में 470 खिलाड़ियों को CM योगी ने सौंपे नियुक्ति पत्र
x
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में यूपी पुलिस के कुशल खिलाड़ी कोटे से चयनित 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवाओं को दो चीजों से हमेशा सावधान रहना चाहिए, पहली शराब और दूसरी सपा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को उनकी प्रतिभा और मेहनत के आधार पर रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले नौकरियों में सिफारिश को प्राथमिकता मिलती थी, जबकि अब प्रतिभा को अवसर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र पाने वाले 470 खिलाड़ियों में 43 उपनिरीक्षक और 427 आरक्षी शामिल हैं। इनमें 295 नागरिक पुलिस के आरक्षी और 132 पीएसी के आरक्षी हैं। सभी का चयन कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत किया गया है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि खिलाड़ियों को नशामुक्ति अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी नशे के खिलाफ अभियान के ब्रांड एंबेसडर बन सकते हैं।
योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को मोबाइल पर रील देखने में समय बर्बाद करने के बजाय खेल और शारीरिक गतिविधियों पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि रील में लाइक्स मिलते हैं, लेकिन खेल के मैदान में जीवन को नई दिशा मिलती है। मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पाने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए नियमित अभ्यास जारी रखने और खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि मेहनत और प्रतिभा के आधार पर आगे बढ़ने वाले खिलाड़ियों के लिए पदोन्नति के अवसर भी उपलब्ध हैं।
Next Story