भारत
CM सुक्खू बोले- मेडिकल कालेज हमीरपुर में खुलेंगे नैफ्रोलॉजी और न्यूरोलॉजी विभाग
Shantanu Roy
15 April 2025 3:49 PM IST

x
Hamirpur. हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य पर जिला हमीरपुर के उपायुक्त कार्यालय परिसर में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया और लगभग 38 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों के उदघाटन एवं शिलान्यास किए। इसके उपरांत उपायुक्त कार्यालय परिसर में कांग्रेस पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग द्वारा आयोजित अंबेडकर जयंती समारोह में संविधान निर्माता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने भारतीय संविधान को ऐसी अदभुत संरचना प्रदान की है, जिससे प्रत्येक नागरिक और समाज के सभी वर्गों का कल्याण एवं उत्थान सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर के जीवन से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर एवं सबसे समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वस्तु एवं सेवा कर क्षतिपूर्ति की राशि और 14वें व 15वें वित्त आयोग द्वारा राजस्व घाटा अनुदान में भारी कटौती के कारण उत्पन्न कठिन आर्थिक परिस्थितियों से उबरने के लिए प्रदेश सरकार ने व्यापक कदम उठाए हैं और राज्य की आर्थिक स्थिति में बहुत बड़ा सुधार देखने को मिल रहा है। सुधार की इस प्रक्रिया में सरकार को प्रदेशवासियों के सहयोग की भी आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल में सर्वश्रेष्ठ स्वास्थ्य एवं शिक्षण प्रणाली स्थापित करेगी। हमीरपुर चिकित्सा महाविद्यालय में कार्डियोलॉजी विभाग के बाद अब नेफ्रोलॉजी और न्यूरोलॉजी विभाग भी खोले जाएंगे, जिससे किडनी तथा न्यूरो की समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को यहीं पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। हमीरपुर में उत्कृष्ट कैंसर केयर संस्थान के लिए पहले ही 85 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रदेश सरकार व्यापक सुधार कर रही है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोले जा रहे हैं जिनके माध्यम से आम परिवारों के बच्चों को निकटतम स्थानों में बेहतरीन शिक्षण सुविधाएं प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई ऐसे शिक्षण संस्थान खोले गए थे जहां पर न तो विद्यार्थी थे और न ही मूलभूत सुविधाएं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कुछ योजनाओं का दुरुपयोग हो रहा था। वर्तमान सरकार इन सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 5.08 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो के आवासीय भवनों, 2.01 करोड़ रुपए से निर्मित राजस्व कॉलोनी, 4.42 करोड़ रुपए के उप-स्वास्थ्य केंद्र धरोग के भवन एवं आवास और 1.71 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित किसान सलाहकार केंद्र का उदघाटन किया। उन्होंने लगभग 18.42 करोड़ रुपए की लागत से जसकोट में बनने वाले हेलीपोर्ट, एक करोड़ रुपये से बनने वाले पॉलीटेक्निक कॉलेज बड़ू के मैकेनिकल ब्लॉक और 5.26 करोड़ रुपए की भगोट-फाफन सड़क का शिलान्यास भी किया।
Tagsहिमाचल प्रदेश न्यूज हिंदीहिमाचल प्रदेश न्यूजहिमाचल प्रदेश की खबरहिमाचल प्रदेश लेटेस्ट न्यूजहिमाचल प्रदेश न्यूज अपडेटहिमाचल प्रदेश हिंदीन्यूज हिंदी न्यूज हिमाचल प्रदेशहिमाचल प्रदेश हिंदी खबरHimachal Pradesh News HindiHimachal Pradesh NewsHimachal Pradesh Latest NewsHimachal Pradesh News UpdateHimachal Pradesh HindiNews Hindi News Himachal PradeshHimachal Pradesh Hindi News
Next Story





