भारत

CM का दावा, प्रदेश सरकार के काम को वोट देगी जनता

Shantanu Roy
3 May 2024 9:28 AM GMT
CM का दावा, प्रदेश सरकार के काम को वोट देगी जनता
x
करसोग। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के मतदाता पहली जून को राज्य सरकार के 15 माह में किए गए जनकल्याण कार्यों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करेगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी लोकसभा की चारों सीटें और विधानसभा उपचुनाव में सभी छह सीटें बड़े अंतर से जीतेगी। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के छह विधायक बिक गए और पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ क्रॉस वोट किया। दागी विधायकों ने डिनर और ब्रेकफास्ट हमारे साथ किया और वोट भाजपा के प्रत्याशी को दिया। उन्होंने कहा कि यह कोई अंतरात्मा की आवाज नहीं थी, बल्कि धनात्मा की आवाज थी। डील की किस्त लेने के लिए छह दागी विधायक एक महीने तक हिमाचल प्रदेश के बाहर महंगे होटलों में ठहरते रहे। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू गुरुवार को भरमौर और मंडी के करसोग में कांग्रेस प्रत्याशी डा. विक्रमादित्य सिंह के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में धनबल से सत्ता हथियाने का षड्यंत्र रचा, लेकिन उनके इरादे कामयाब नहीं हो पाए।।

इससे पहले भी भाजपा ने महाराष्ट्र और कर्नाटक में पैसों के बल पर कुर्सी हथियाई थी। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने विधानसभा में भगवान को चुनौती दी थी, लेकिन भगवान ने ही राज्य सरकार को बचाया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जब वर्तमान राज्य सरकार ने सत्ता संभाली, तो खजाना खाली था, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार के दरवाजे बंद किए और एक वर्ष में 2200 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया। इससे प्रदेश में कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा मंडी लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने करसोग की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके सुख-दुख में वे हमेशा साथ हैं। इस क्षेत्र का विकास कांग्रेस सरकार की प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खू ने कहा कि कंगना रणौत जहां भी प्रचार के लिए जाती हैं, वहां पर फिल्म की तरह भाजपा की स्क्रिप्ट पढ़ती हैं। इसके डायरेक्टर जयराम ठाकुर हैं, परंतु जिस फिल्म के डायरेक्टर फ्लॉप हो गए हों, हीरोइन जैसी मर्जी हो, फिल्म फ्लॉप ही रहेगी। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण मंत्री रहते हुए विक्रमादित्य सिंह द्वारा जी जान से काम किया है। हिमाचल प्रदेश 2027 तक आत्मनिर्भर बनेगा तथा 2032 तक हिमाचल प्रदेश पूरे देश का समृद्ध प्रदेश बनकर सामने आएगा ऐसी योजनाएं कांग्रेस सरकार आत्मनिर्भर तथा समृद्ध होने के लिए बनाएगी और उसे पर कार्य करेगी। सीएम सुक्खू ने कहा कि एक राज्यसभा सीट चुराने वालों को अब प्रदेश की जनता लोकसभा की चारों सीट कांग्रेस को जितवाकर अपना जवाब देगी।
Next Story