भारत

मानसून की आपदा पर सीएम ने बुलाई बैठक

Shantanu Roy
7 July 2025 4:31 PM IST
मानसून की आपदा पर सीएम ने बुलाई बैठक
x
Shimla. शिमला। मानसून के इस सीजन में हो रहे जान माल के नुकसान को देखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बड़ी बैठक बुलाई है। सोमवार को वह राज्य सचिवालय में आपदा प्रबंधन की मुद्दों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ भारत सरकार के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए भी चर्चा होगी। बाढ़ के कारण बेघर हुए लोगों को 5000 रुपए मासिक किराया राज्य सरकार ने पहले ही घोषित कर दिया है। राज्य सरकार की तरफ से आपदा प्रभावित सराज में भेजे गए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी लौट आए हैं।


मुख्यमंत्री के साथ होने वाली इस बैठक में भारत सरकार के समक्ष क्षति को प्रस्तुत करने के फार्मूले पर भी चर्चा होगी। गौरतलब है कि हिमाचल में मानसून सीजन में अब तक 50 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें से सबसे ज्यादा 14 लोगों की मौत बादल फटने के कारण और आठ की फ्लैश फ्लड में बह जाने के कारण हुई है। गिरने से भी आठ लोगों की मौत हुई है। दुखद यह है कि 37 लोग अभी भी लापता हैं। इनमें अकेले मंडी के 31 लोग शामिल हैं। अब तक मानसून से 573 करोड़ का नुकसान हो चुका है। हिमाचल में मानसून सीजन के दौरान ही 72 पक्के घर और 91 कच्चे घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि 44 पक्के घरों और 134 कच्चे घरों को आंशिक नुकसान हुआ है।
Next Story