भारत

आज सरकार के साथ कॉकरोच पार्टी की बैठक

Nil dhankar
25 July 2026 6:30 AM IST
आज सरकार के साथ कॉकरोच पार्टी की बैठक
x

दिल्ली। कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से सौरभ दास और आशुतोष रांका ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से मुलाकात की. दोनों पक्षों के बीच करीब दो घंटे तक चर्चा हुई. वहीं, जानकारी के मुताबिक, CJP के प्रतिनिधियों के साथ तीसरे दौर की बैठक आज दोपहर 3:30 बजे होगी.

जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस के फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) ने बड़ा खुलासा किया है. सूत्रों के मुताबिक, 20 जुलाई से 24 जुलाई के बीच जंतर-मंतर और आसपास के इलाके में करीब 400 ऐसे लोगों की पहचान की गई, जिनका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है.

कांग्रेस आज देशभर में कैंडल मार्च और सत्याग्रह करेगी. कांग्रेस संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने इस संबंध में सर्कुलर जारी कर सभी प्रदेश कमेटियों को निर्देश दिए हैं. उन्होंने छात्रों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए सभी से कैंडल मार्च में शामिल होने की अपील की है.

नीट पेपर लीक मामले में आत्महत्या करने वाली नागपुर की छात्रा आकांक्षा चतुर्वेदी की मां नीलम चतुर्वेदी ने नागपुर में चल रहे सीजेपी के आंदोलन में हिस्सा लिया. नागपुर के संविधान चौक पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होकर उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की. उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे रोजाना आंदोलन में शामिल होंगी और जरूरत पड़ने पर दिल्ली में होने वाले आंदोलन में भी हिस्सा लेंगी. जंतर-मंतर के आस-पास सुरक्षा बढ़ा दी गई है. दिल्ली पुलिस ने और बैरिकेड लगाए हैं. इन्हें मजबूत जंजीरों से आपस में जोड़ा गया है और वेल्डिंग करके और मजबूत किया गया है.

Next Story