भारत

एयरपोर्ट में विदेशी सैटेलाइट फोन के साथ संदिग्ध गिरफ्तार, CISF ने दबोचा

Nilmani Pal
2 March 2026 6:43 AM IST
एयरपोर्ट में विदेशी सैटेलाइट फोन के साथ संदिग्ध गिरफ्तार, CISF ने दबोचा
x
ब्रेकिंग

यूपी। वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर हैदराबाद जाने के लिए पहुंचे रूस नागरिक के पास सैटेलाइट फोन मिला। सीआईएसएफ ने जांच के दौरान उसे पकड़ा। बाबतपुर पुलिस चौकी पर पूछताछ के बाद फोन जब्त कर उसे छोड़ दिया गया।

सेंट पीटर्सबर्ग (रूस) का रहने वाला दमित्री लुकीन कंस्ट्रक्शन का काम करता है। वह 16 सदस्यीय दल के साथ 21 फरवरी को दिल्ली से खजुराहो गया। 26 फरवरी को वह दल के साथ काशी पहुंचा। सभी सदस्य रविवार दोपहर 1.30 बजे इंडिगो के 6 ई 6227 विमान से हैदराबाद जाने के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। एयरलाइंस काउंटर से बोर्डिंग पास लेकर सभी लोग सिक्योरिटी होल्ड एरिया (एसएचए) में पहुंचे। यहां जांच के दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने दमित्री लुकीन के हैंडबैग से सैटेलाइट फोन बरामद किया।

उसकी यात्रा रद्द कर अन्य 15 रूसी नागरिकों को हैदराबाद जाने दिया गया। यात्री को बाबतपुर पुलिस चौकी ले जाया गया, जहां लगभग 2 घंटे तक इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी), लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (एलआयू ) तथा पुलिस अधिकारियों ने पूछताछ की। चौकी इंचार्ज विजय कुमार कुशवाहा ने बताया कि सैटेलाइट फोन को जब्त कर यात्री को छोड़ दिया गया। इससे पहले एयर इंडिया मुम्बई के विमान से जाने वाले स्विट्जरलैंड निवासी आंद्रे सायरील के बैग से भी सैटेलाइट फोन मिला था।

डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि देश में बिना रजिस्ट्रेशन सेटेलाइट फोन का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। यह नियम विदेशी पर्यटकों के लिए भी है। इसलिए सेटेलाइट फोन के साथ पकड़े जाने वाले विदेशी पर्यटकों को रोककर पूछताछ एवं जांच की जाती है। जांच में अगर उसने यहां पर सेटेलाइट फोन का इस्तेमाल नहीं किया है तो उसे छोड़ दिया जाता है।


Next Story
null