
यूपी। कानपुर के पटेल नगर में मंगलवार रात खेल-खेल में एक 11 साल के बच्चे ने अपने 15 साल के दोस्त के सीने पर थ्रेड (धागा काटने वाला) कटर मार दिया। नामसमझी में वह अपने दोस्त की मौत का कारण बन गया। सेकेंडों में एक ऐसी घटना घट गई जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। हार्ट साइड में कटर लगने से बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्ट्या यह दुर्घटना है। फिर भी परिजन तहरीर देंगे तो मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अहिरवां पटेल नगर कच्ची बस्ती निवासी मजदूर कल्लू का 15 वर्षीय बेटा सुरजीत कुमार क्षेत्र में ही जूते का अपर बनाने वाले कारखाने में काम करता था। कारखाना आकाश कुमार का है। इसी कारखाने में सुरजीत के साथ मोहल्ले के ही उसके हम उम्र साथी भी काम करते थे। मंगलवार की रात करीब आठ बजे सुरजीत अपने 11 वर्षीय और 13 वर्षीय दोस्त के साथ कारखाने में काम कर रहा था। खेल-खेल में सुरजीत ने अपने 11 वर्षीय दोस्त को धक्का दे दिया। जिसके बाद बच्चे ने हाथ में लिये थ्रेड कटर को सुरजीत के सीने में मार दिया। सुरजीत मौके पर गिर पड़ा। आनन फानन कारखाना मालिक समेत परिजन सुरजीत को लेकर कांशीराम अस्पताल पहुंचे। जहां उसने दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट के बाद कार्रवाई करेंगे।
नासमझी में दोस्त की मौत का कारण बना 11 साल का बच्चा भी दहशत में है। उसे यकीन नहीं हो रहा है कि उसका दोस्त जो कुछ देर पहले उसके साथ हंस खेल रहा था, उसकी नासमझी भरी हरकत से मौत की नींद सो गया। आरोपित बच्चे के परिजन उसे समझाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन बच्चा हादसे के बाद गुमसुम हो गया। वहीं, एसीपी चकेरी अभिषेक पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या यह दुर्घटना प्रतीत हो रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजन तहरीर देंगे तो मुकदमा दर्ज करा जांच कराएंगे। अन्यथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस अपनी जांच करेगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर रिपोर्ट लगाई जाएगी।





