
यूपी। कासगंज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार की देर रात नामकरण संस्कार के दौरान एक युवक ने शराब के लिए पानी न लाने पर 9 साल के बालक की गोली मार दी। आनन-फान में परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। वहीं, मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटनाक्रम के अनुसार शुक्रवार की रात गांव याकूतगंज के रहने वाले जसवीर गोला के पुत्र का नामकरण संस्कार कार्यक्रम चल रहा था। इसी कार्यक्रम में सोरों के नगला बीच के रहने वाले धनेश यादव आया था। कार्यक्रम में अन्य बच्चों के साथ सुखवीर का 9 वर्षीय बेटा यश खेल रहा था। देर रात धनेश ने यश को अपने पास बुलाकर शराब के लिए पानी लाने को कहा। यश ने पानी लाने से मना कर दिया। इसी बात से नाराज होकर धनेश यादव ने यश पर गोली चला दी, गोली यश के पेट में जा लगी। घटना को अंजाम देकर आरोपी भाग गया।
रात में ही बालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां से रेफर किए जाने के बाद परिजन उसे अलीगढ़ ले गए। अलीगढ़ में उपचार के दौरान शनिवार की दोपहर बालक की मौत हो गई। एएसपी सुशील कुमार ने बताया कि, गांव याकूतगंज में हुई घटना के मामले में पीड़ित परिजनों की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है, अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।





