भारत

भंगरोटू स्कूल का होनहार दानवीर छाया

Shantanu Roy
20 May 2026 5:33 PM IST
भंगरोटू स्कूल का होनहार दानवीर छाया
x
नेरचौक। पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भंगरोटू के होनहार छात्र दानवीर ने जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सोने पर निशाना साधकर स्कूल व समूचे क्षेत्र का नाम चमकाया है। कक्षा नौवीं के इस उभरते खिलाड़ी ने अंडर-14 ट्रायथलॉन-सी इवेंट में अपनी रफ्तार और दमखम का लोहा मनवाते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। दानवीर की इस स्वर्णिम कामयाबी के बाद अब उनका चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में बीते रविवार को आयोजित इस जिला स्तरीय स्पर्धा में दानवीर ने बेहतरीन खेल तकनीक और गजब की फुर्ती का प्रदर्शन किया।

मैदान पर उतरे इस नन्हे एथलीट के आगे प्रतिद्वंद्वी टिक नहीं सके और दानवीर ने नंबर वन की पोजीशन हासिल की। अब यह होनहार खिलाड़ी बिलासपुर में आयोजित होने वाली आगामी राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मंडी जिला की तरफ से पदक के लिए दम खम दिखाता नजर आएगा। दानवीर की इस शानदार उपलब्धि से भंगरोटू स्कूल परिसर में जश्न का माहौल है। स्कूल की प्रधानाचार्या अंजना, समस्त शिक्षक वर्ग तथा स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) ने होनहार खिलाड़ी को इस कामयाबी पर पीठ थपथपाई है। प्रधानाचार्या अंजना ने कहा कि दानवीर ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से स्कूल का गौरव बढ़ाया है।
Next Story