चार्टर्ड अकाउंटेंट की पत्नी ने बेटे की हत्या कर खुदकुशी कर ली, कमरे में मिली दोनों की लाश

हैदराबाद। हैदराबाद से एक हृदय विदारक मामला सामने आया है. जहां पारिवारिक झगड़ों के कारण एक मां ने अपने 10 महीने के बेटे को जहर देकर मार डाला. फिर खुद भी आत्महत्या कर ली. मामला मीरपेट पुलिस स्टेशन का है. 27 वर्षीय सुषमा की शादी चार साल पहले चार्टर्ड अकाउंटेंट यशवंत रेड्डी से हुई थी. इस कपल का एक बेटा था, जिसका नाम यशवर्धन रेड्डी था.
परिवार वालों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच झगड़े चल रहे थे. एक फंक्शन के लिए शॉपिंग के बहाने सुषमा अपनी मां ललिता (44) के पास गई. वहां जाकर वह दूसरे कमरे में गई. साथ में अपने बेटे को भी ले गई. जहां उसने बेटे को जहर दे दिया और खुद भी आत्महत्या कर ली.रात करीब 9:30 बजे सुषमा का पति यशवंत रेड्डी अपना काम खत्म करके घर लौटा और देखा कि बेडरूम का दरवाज़ा अंदर से बंद है. जिस पर यशवंत ने दरवाजा खटखटाया. लेकिन कोई जवाब नहीं आया. इसके बाद यशवंत दरवाज़ा तोड़ दिया. अंदर पत्नी और बेटे को मृत मिले. जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
वहीं अपनी बेटी और पोते को अपनी आंखों के सामने मृत देखकर सुषमा की मां ललिता ने भी आत्महत्या की कोशिश की. सूचना लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि एक मां ने अपने 10 वर्षीय बेटे को जहर पिलाकर मारने के बाद खुद भी सुसाइड कर लिया. जांच जारी है.





