भारत

6 बच्चों की मौत का मामला, प्रिंसिपल गिरफ्तार

Nilmani Pal
12 April 2024 12:48 AM GMT
6 बच्चों की मौत का मामला, प्रिंसिपल गिरफ्तार
x
बड़ी कार्रवाई

हरियाणा। महेंद्रगढ़ जिले में गुरुवार को स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही एक बस के पेड़ से टकराकर पलट जाने से 6 बच्चों की मौत हो गई थी। इस घटना में लगभग 20 लोग घायल हो गये। पुलिस ने इस घटना के बाद कार्रवाई की है। स्कूल के प्रिंसिपल और बस ड्राइवर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि हादसे के समय बस चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई है। हरियाणा की शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने अस्पतालों में घायल छात्रों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि स्कूल को कारण बताओ नोटिस भेजकर पूछा गया है कि ईद के अवसर पर छुट्टी होने के बावजूद यह कैसे खुला था।

यह घटना कनीना में उन्हाणी गांव के निकट सुबह लगभग 8.30 बजे उस वक्त हुई जब बस प्राथमिक से माध्यमिक कक्षाओं के लगभग 40 बच्चों को लेकर जी एल पब्लिक स्कूल जा रही थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक छात्रों में सत्यम, युवराज, वंश, रिकी, अंशू और यकुश शामिल हैं। उन्होंने बताया कि चालक धर्मेंद्र तेजी से बस चला रहा था और उसका बस पर से नियंत्रण खो गया और यह एक पेड़ से टकराकर पलट गई।

महेंद्रगढ़ के पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने बताया कि इस हादसे में छह छात्रों की मौत हो गई है जबकि लगभग 20 छात्र घायल हैं। पुलिस ने कहा कि चालक को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया गया और उसकी मेडिकल जांच में पुष्टि हुई कि वह शराब के नशे में था। पुलिस ने स्कूल की प्रधानाध्यापक दीप्ति को भी गिरफ्तार कर लिया है। स्कूल के एक और अधिकारी होशियार सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है।

Next Story