भारत

खाई में गिरी कार, बुजुर्ग दंपति की मौत, शोघी-मेहली बाइपास रोड पर हादसा

Shantanu Roy
25 May 2026 3:08 PM IST
खाई में गिरी कार, बुजुर्ग दंपति की मौत, शोघी-मेहली बाइपास रोड पर हादसा
x
Shimla. शिमला। शिमला के शोघी-मेहली बाइपास रोड पर एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने बिलासपुर के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। न्यू शिमला थाना क्षेत्र के तहत सीवरेज प्लांट बड़ागांव के पास एक कार रविवार सुबह अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख पुकार मच गई। इस हादसे में बिलासपुर के एक बुजुर्ग दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और एक अन्य महिला घायल हो गए। पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार में चार लोग सवार थे। हादसे में सुमन शर्मा पुत्र कृष्ण दत्त (69) निवासी बिलासपुर तथा उनकी पत्नी लीला देवी पत्नी कृष्ण दत्त (64) निवासी बिलासपुर की मौके पर ही
मौत हो गई।


दोनों पति-पत्नी अपने परिवार के साथ शिमला की ओर जा रहे थे। कार चला रहे मृतक दंपति के पुत्र अखिल कुमार पुत्र सुमन शर्मा निवासी हाउस नंबर 172 जिला बिलासपुर हादसे में घायल हुए हैं। हादसे में निर्मला देवी पत्नी कमलेश कुमार सरगीण, पंथाघाटी शिमला भी घायल हुई हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही न्यू शिमला पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से खाई में गिरे लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि कार अचानक अनियंत्रित होने के कारण खाई में गिरी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Next Story