भारत

परीक्षा देने निकले अभ्यर्थियों ने गूगल मैप की मदद ली, नहीं दिला पाएं एग्जाम

Nil dhankar
15 Jun 2026 6:54 AM IST
परीक्षा देने निकले अभ्यर्थियों ने गूगल मैप की मदद ली, नहीं दिला पाएं एग्जाम
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। औरैया में दो अभ्यर्थियों को गूगल मैप पर रास्ता ढूंढ भारी पड़ गया और उनका पेपर छूट गया। दरअसल, रविवार को कस्बे के श्री जनता इंटर कॉलेज अजीतमल में राजकीय प्रवक्ता परीक्षा आयोजित की गई थी। कानपुर निवासी अभ्यर्थी पूजा शुक्ला और संजय कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए उन्होंने गूगल मैप का उपयोग किया। मैप पर खोज करने पर उन्हें जनता इंटर कॉलेज की लोकेशन ककोर स्थित विद्यालय की दिखाई गई, जिसके आधार पर वे वहां पहुंच गए।

ककोर पहुंचने पर उन्हें जानकारी मिली कि उनका परीक्षा केंद्र श्री जनता इंटर कॉलेज अजीतमल है। इसके बाद दोनों अभ्यर्थी जल्दबाजी में अजीतमल के लिए रवाना हुए, लेकिन तब तक परीक्षा केंद्र पर प्रवेश का निर्धारित समय समाप्त हो चुका था। ऐसे में उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया गया। अभ्यर्थियों का कहना है कि गूगल मैप की गलत लोकेशन के कारण उनका महत्वपूर्ण समय नष्ट हो गया और वे परीक्षा में शामिल होने का अवसर खो बैठे। वहीं परीक्षा केंद्र प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आयोग एवं बोर्ड के निर्देशों के अनुसार निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जा सकता। इसलिए नियमों के तहत दोनों अभ्यर्थियों को प्रवेश देने की अनुमति नहीं थी।

परीक्षा केंद्र पर मौजूद अन्य अभ्यर्थियों ने भी प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सलाह दी कि वे परीक्षा से एक-दो दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र की लोकेशन और मार्ग की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इससे पहले यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान गूगल मैप की गलत लोकेशन चार अभ्यर्थियों के लिए परेशानी का कारण बन गई। 10 जून को मुजफ्फरनगर में आयोजित परीक्षा में शामिल होने वाले चार अभ्यर्थी गूगल मैप की गलत लोकेशन के कारण शामली के एक गांव में पहुंच गए, जिसके चलते उनकी परीक्षा छूट गई।

मुजफ्फरनगर में बने केंद्र दीपचंद ग्रैन चैम्बर इंटर कॉलेज पर पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए गाजियाबाद के चार अभ्यर्थी बाइक से निकले। उन्होंने परीक्षा केंद्र की लोकेशन गूगल मैप पर डाली, लेकिन मैप उन्हें परीक्षा केंद्र की बजाए शामली क्षेत्र के एक गांव में ले गया। काफी देर बाद उन्हें सही लोकेशन की जानकारी मिली और वे तत्काल मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हुए, लेकिन तब तक परीक्षा में शामिल होने का समय निकल चुका था। परीक्षा छूटने से परेशान चारों अभ्यर्थी धर्मेंद्र चौधरी, अरुण मलिक, विशाल व नकुल ने डीएम उमेश कुमार मिश्रा को पूरी घटना से अवगत कराया, जिसके बाद उन्हें एसपी सिटी अमृत जैन के पास भेजा।


Next Story