![हरियाणा में कैबिनेट विस्तार कल, सीएम ने दी जानकारी हरियाणा में कैबिनेट विस्तार कल, सीएम ने दी जानकारी](https://jantaserishta.com/h-upload/2021/12/27/1438980-untitled-21-copy.webp)
हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार का कैबिनेट विस्तार होने वाला है। मंगलवार को शाम 4 बजे नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह किया जाना है। माना जा रहा है कि असंतुष्ट वर्गों को साधने के लिए यह फैसला लिया गया है। हरियाणा सीएमओ की ओर से कैबिनेट विस्तार के बारे में जानकारी दी गई है। फिलहाल यह पता नहीं चला है कि किन मंत्रियों खट्टर कैबिनेट में शामिल किया जाना है। हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार का यह दूसरा कैबिनेट विस्तार है। इससे पहले इसी साल 14 नवंबर को भी कैबिनेट का विस्तार हुआ था। कैबिनेट विस्तार में जिन नेताओं के नाम चर्चा में हैं, उनमें से एक देवेंद्र सिंह बाली का है। वह जननायक जनता पार्टी के टोहाना सीट से विधायक हैं। इसके अलावा एक भाजपा नेता को भी कैबिनेट में हिस्सेदारी दी जा सकती है। भाजपा की ओर से जिन नामों की चर्चा है, उनमें विधानसभा के स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता शामिल हैं। वह पंचकूला सीट से विधायक हैं। इसके अलावा हिसार के विधायक डॉ. कमल गुप्ता का भी नाम चल रहा है।
2019 में हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन बहुमत नहीं मिल पाया था। इसके बाद उसने जननायक जनता पार्टी के साथ मिलकर गठबंधन सरकार बनाई थी। भाजपा को 90 सीटों वाली विधानसभा में अपने दम पर 40 सीटें मिली थीं, जबकि 31 सीटों के साथ कांग्रेस दूसरे नंबर पर रह गई थी। 10 सीटें जननायक जनता पार्टी को मिली थीं। इस तरह भाजपा और जेजेपी की मिलाकर विधानसभा में कुल 50 सीटें हैं।
किसान आंदोलन के बाद हरियाणा सरकार में यह कैबिनेट विस्तार होने जा रहा है। माना जा रहा है कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार इसके जरिए सामाजिक समीकरणों को साधने का प्रयास करेगी और जाट समुदाय के नेताओं को अधिक प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है। गौरतलब है कि हरियाणा में भाजपा सरकार का यह लगातार दूसरा कार्यकाल है। इससे पहले 2014 में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला था और तब भी मनोहर लाल खट्टर ही सीएम थे। बता दें कि गुजरात, उत्तराखंड, कर्नाटक में भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री भी बदले जा चुके हैं। उसके बाद से ही कई अन्य राज्यों में भी बड़े फेरबदल के कयास लगते रहे हैं।