व्यवसायी की बेटी का अपहरण, शराबी के कब्जे से पुलिस ने छुड़ाया

यूपी। राजधानी लखनऊ में चिनहट पुलिस की सक्रियता और जागरूक राहगीरों के कारण सोमवार रात अयोध्या रोड पर चार साल की बच्ची के साथ एक बड़ी वारदात टल गई। बताया जा रहा है कि बाराबंकी निवासी एक व्यवसायी की चार साल की बेटी का तिलक समारोह से नशे में धुत युवक अपहरण कर ले गया। घटना के समय बच्ची के माता-पिता खाना खा रहे थे। करीब तीन घंटे बाद पुलिस ने बच्ची को बरामद कर युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक बाराबंकी के रामसनेही घाट इलाके में निहाल पूरे गांव के रहने वाले अनुराग यादव व्यवसायी हैं। सोमवार को वह पत्नी और चार साल की बेटी के साथ देवा रोड स्थित उमंग लॉन में अपनी साले के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। बच्ची के माता-पिता खाना खा रहे थे। इस बीच पास खड़ी बच्ची एकाएक गायब हो गई। परिवारीजन और रिश्तेदारों ने समारोह स्थल पर बच्ची की खोज की। परिवार ने लॉन में सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफर की वीडियो की रिकार्डिंग देखी। बच्ची 8:15 बजे रात में गेट से निकलते दिखी। उसके आगे एक संदिग्ध व्यक्ति भी था। बच्ची उसी के साथ थी। इसके बाद परिवारीजनों ने बच्ची की फोटो और जानकारी लेकर पुलिस के ग्रुपों व क्षेत्र के सभी चौकियों पर भेज दी गई। पुलिस अलर्ट हो गई। बच्ची जिस युवक के साथ जाते दिखी उसी रोड पर पुलिस आगे बढ़ रही थी।
इंस्पेक्टर ने मामले में जानतकारी देते हुए बताया कि सर्वेश नशे में था वह बच्ची का हाथ पकड़े लहरा रहा था। इस पर उसे संदिग्ध समझकर लोगों ने पकड़ लिया। लोगों ने पूछताछ की तो वह ठीक से अपने और बच्ची के बारे में बता नहीं पा रहा था। इस पर लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को बरामद कर लिया।





